भारत और वेस्टइंडीज के बीच हुए पहले वनडे मैच के बाद एक चर्चा काफी तेज है। विराट कोहली ने इस मुकाबले में अपने वनडे करियर का 55वां और ओवरऑल अंतरराष्ट्रीय करियर का 86वां शतक जड़ा। इस शतक के बाद यह बात तेजी से चर्चा का विषय बन गई कि क्या विराट कोहली शतकों का शतक यानी 100 शतक का रिकॉर्ड बना सकते हैं। इस बात पर तमाम पूर्व खिलाड़ियों और विशेषज्ञों की अपनी- अपनी राय है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और लंबे समय तक विराट कोहली के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने वाले रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि विराट कोहली के लिए लॉजिकली ऐसा करना संभव है और अगर वे यह उपलब्धि हासिल करते हैं स्पिन के जादूगर उन्हें सचिन तेंदुलकर के समतुल्य मान लेंगे।
2027 वर्ल्ड कप तक खेलने का फैसला बिल्कुल सही
अपने यूट्यूब चैनल के खास शो ‘ऐश की बात’ में खेल पत्रकार विमल कुमार से चर्चा के दौरान अश्विन से सवाल पूछा गया कि क्या विराट कोहली 100 शतक के आंकड़े तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने विश्व कप 2027 तक भारत के लिए क्रिकेट खेलने का फैसला किया है। उनके पास कुल मिलाकर फिलहाल, 20 या उससे अधिक मैच शेष होंगे। ऐसे में आप इस आंकड़े को कैसे देखते हैं। क्या वे शतकों का शतक जड़कर खास रिकॉर्ड बना सकते हैं? इस सवाल का जवाब देते हुए अश्विन ने कहा- “मैं इस आंकड़े को विराट कोहली के एक शुभचिंतक के रूप में देखता हूं। मैं चाहता हूं कि विराट कोहली इस आंकड़े को प्राप्त करें। क्योंकि उन्होंने कमिट किया है कि 2027 उनका आखिरी वर्ल्ड कप है। उनके इस फैसले से मैं बिल्कुल भी हैरान नहीं हूं क्योंकि 2027 वर्ल्ड कप के बाद आगे क्रिकेट खेलना प्रैक्टिकली और लॉजिकली भी सही नहीं मालूम होता। वह 2027 वर्ल्ड कप तक खेलने के लिए ही काफी एफर्ट लगा रहे हैं और आगे खेलने के लिए इस मेहनत को जारी रखना उनके लिए भी आसान नहीं होगा। एक बार विराट ने कह दिया है तो वह चीजों को लेकर बहुत क्लियर भी रहते हैं।”
विराट 100 शतक मारता है तो सचिन के बराबर मानूंगा
अश्विन ने आगे कहा कि “तार्किक रूप से देखा जाए तो विराट कोहली 100 शतक बना सकते हैं। अगर उसने इस लॉजिक के साथ 2027 वर्ल्ड कप तक 100 शतक बना दिए तो यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि होगी। अगर विराट कोहली 100 शतक लगा देता है तो और उसके बाद आप मुझे यही सवाल पूछेंगे कि क्या विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर की तुलना की जा सकती है या करना सही है तब मैं कहूंगा- सचिन और विराट दोनों एक ही स्तर के खिलाड़ी हैं। और मैं बिना किसी झिझक या संशय के यह बात कहूंगा।” फिलहाल, विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर की तुलना पर बात करते हुए अश्विन ने कहा कि “अभी दोनों की तुलना करना उचित नहीं होगा। सचिन तेंदुलकर ने भारत के लिए बहुत बड़ी- बड़ी और ऐतिहासिक पारियां खेली हैं। उन्होंने ऐसे समय में वनडे में अपने रिकॉर्ड और रन बनाए हैं, जिस समय वनडे मैच डे-नाइट कम होते थे। ज्यादातर मैच दिन में होते थे और गेंद हिलती थी। विराट कोहली के बैटिंग इरा में दो नई गेंदें दे दी गई हैं और साथ में पांच फील्डर को अंदर रखना पड़ता है। ऐसे में फिलहाल कोई सचिन से विराट की तुलना करे तो मैं सही नहीं कहूंगा।” हालांकि, अश्विन ने यह जरूर कहा कि अगर वे 100 शतक मार देते हैं तब मैं उन्हें सचिन के स्तर का खिलाड़ी मान लूंगा।

