ईशान किशन ने तोड़ा विराट कोहली का 10 साल पुराना रिकॉर्ड, एक साल में सबसे ज्यादा T20 रन बटोरने वाले भारतीय बने

विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उनका भारत बनाम वेस्टइंडीज पहले टी20 मैच में भी बल्ला बोला। उन्होंने मंगलवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 27 गेंदों में पांच चौकों की मदद से नाबाद 37 रन बनाए। ईशान ने कप्तान श्रेयस अय्यर (43 गेंदों में नाबाद 102) के साथ तीसरे विकेट के लिए 137 रनों की अटूट साझेदारी की और भारत को 8 विकेट से जीत दिलाई। 28 वर्षीय ईशान भले ही फिफ्टी पूरी नहीं कर पाए लेकिन उन्होंने एक दमदार कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है।

ईशान किशन ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड

ईशान ने सुपरस्टार क्रिकेटर विराट कोहली का एक 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ डाला है। वह टी20 क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी20 रन बटोरने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। ईशान 2026 में अब तक 45 टी20 मैचों में 39.14 के औसत से 1644 रन बना चुके हैं, जिसमें एक शतकीय और 13 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में मौजूदा साल में अभी तक 38.59 के औसत से 1042 रन जुटाए हैं। ईशान ने आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के लिए 15 मैचों में 602 रन जोड़े थे, जिसमें 40.13 का औसत रहा।

वहीं, कोहली ने 2016 में टी20 क्रिकेट में 31 मुकाबले खेलने के बाद 1614 रन बनाए थे। उनका औसत 89.66 का रहा। उन्होंने चार शतक और सात अर्धशतक लगाए थे। कोहली ने आईपीएल 2016 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए 973 रन जुटाए, जिसमें 81.08 औसत का था। यह आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सर्वाधिक रन हैं। कोहली ने उस साल टी20 इंटरनेशनल में 15 मैचों में 106.83 के औसत से 641 रन बटोरे थे। 37 वर्षीय कोहली टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं और भारत के लिए सिर्फ वनडे में एक्टिव हैं।

एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा T20 रन बनाने वाले भारतीय

1644 – ईशान किशन (2026)

1614 – विराट कोहली (2016)

1602 – अभिषेक शर्मा (2025)

1503 – सूर्यकुमार यादव (2022)

1395 – अभिषेक शर्मा (2026)

1338 – सूर्यकुमार यादव (2023)

भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी

लखनऊ T20I में 172 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। अभिषेक शर्मा (21) और संजू सैमसन (11) चार ओवर के भीतर पवेलियन लौट गए, जिससे भारत का स्कोर 35 रन पर दो विकेट हो गया। इसके बाद अय्यर और ईशान ने मोर्चा संभाला। अय्यर ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाए और तेजी से रन बनाए। उन्होंने रोस्टन चेज के खिलाफ छक्का लगाकर 42 गेंदों में शतक पूरा किया और फिर अगली गेंद पर एक रन चुराकर टीम को जीत दिला दी। इससे पहले, भारत ने 19.1 ओवर में वेस्टइंडीज को 171 रनों पर ढेर किया। पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार को रांची में आयोजित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *