कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लगातार दूसरे दिन विपक्षी सांसदों को लंच पर बुलाया। आज कनॉट प्लेस में यह लंच रखा गया । लंच में शामिल होने के लिए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अभिषेक बनर्जी समते विपक्षी सांसद पहुंचे। लंच के बाद कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि हमलोग गांधी स्मारक जा रहे हैं, और वहीं पर धरना देंगे। वहीं राहुल गांधी ने कहा कि हमलोग शांतिपूर्ण धरना करना चाहते हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हमारे साथ 300 सांसद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दो दिन से हमे प्रोटेस्ट नहीं करने दे रहे हैं।
बता दें कि कल भी इसी तरह लंच के बाद सांसद सड़क पर उतरे थे और पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था। 7 अक्टूबर को भी दोपहर का भोजन खत्म होने के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई विपक्षी सांसद चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर की ओर बढ़े थे। उनका कहना था कि वे मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी बात रखना चाहते थे।
कांग्रेस प्रदर्शन से जुड़े हर पल की जानकारी के लिए पढ़ते रहिए लाइव कॉपी…
सड़क पर प्रदर्शन पर बीजेपी ने राहुल गांधी की आलोचना की
भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रदीप भंडारी ने सुप्रीम कोर्ट में मामला लंबित रहने के बावजूद राहुल गांधी के सड़क पर विरोध प्रदर्शन करने के फैसले पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के प्रदर्शन से संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने और न्यायपालिका में अविश्वास पैदा करने की कोशिश कर रही है। भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता हाल के विरोध प्रदर्शनों में गड़बड़ी फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व जजों के एक कथित पत्र का भी जिक्र किया, जिसमें पार्टी के इस तरीके की आलोचना की गई है।
इंडिया ब्लॉक के नेता राजघाट पहुंचे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और इंडिया ब्लॉक के अन्य नेताओं को लेकर बस राजघाट पहुंच चुकी है। सभी नेता गांधी स्मारक के पास धरना देंगे…
राजघाट पर भारी सुरक्षा, इंडिया ब्लॉक के नेता विरोध के लिए पहुंचे
दिल्ली के राजघाट पर भारी सुरक्षा तैनात की गई है। इंडिया ब्लॉक के नेता विरोध प्रदर्शन के लिए गांधी स्मारक की ओर जा रहे हैं। इलाके के चारों ओर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। भीड़ को संभालने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़े, भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े
दिल्ली में विपक्ष सांसदों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश में बैरिकेड तोड़ दिए। इलाके में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। अधिकारी प्रदर्शनकारियों को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।
चुनाव आयोग के बाहर हाई अलर्ट, कड़ी सुरक्षा
इंडिया ब्लॉक के विरोध मार्च को देखते हुए चुनाव आयोग के आसपास हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कार्यालय के बाहर दंगा नियंत्रण गाड़ियां और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान तैनात हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल मौके पर तैनात हैं।
वामसी कृष्ण गद्दाम बोले- सांसदों पर हुआ लाठीचार्ज
कांग्रेस सांसद वामसी कृष्ण गद्दाम ने आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि साथी सांसदों पर लाठीचार्ज हुआ। गद्दाम ने कहा कि वे सिर्फ शांतिपूर्ण तरीके से लोकतंत्र बचाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को जेड सुरक्षा दे दी गई है।
जेबी माथेर बोले- राजघाट जाकर लेंगे गांधी से प्रेरणा
कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने कहा कि वे महात्मा गांधी से प्रेरणा लेने के लिए राजघाट जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांधी ने अन्याय के खिलाफ और आजादी व न्याय के लिए लड़ाई लड़ी थी। माथेर ने कहा कि संविधान और देश की रक्षा के लिए यह भी आजादी की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इस लड़ाई का नेतृत्व कर रहे हैं।
लंच के बाद विपक्षी सांसद राजघाट की ओर बढ़े
कनॉट प्लेस में लंच बैठक के बाद विपक्षी सांसद राजघाट की ओर जा रहे हैं। सभी सांसद बस से राजघाट जा रहे हैं। इससे पहले विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता राजघाट पहुंच चुके हैं, और वहां पर विरोध प्रदर्शन जारी है।
राहुल गांधी बोले- चार लोगों को मिलेगी सजा
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि राज्यसभा और लोकसभा के करीब 300 सांसद शांतिपूर्ण विरोध करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि दो दिनों से उन्हें विरोध करने से रोका जा रहा है। पहले चुनाव आयोग के बाहर रोका गया और फिर जंतर-मंतर पर भी रोक लगाई गई। इस दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और मोहन भागवत ने साजिश के जरिए संविधान और वोट पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष कार्रवाई की गारंटी देता है और इन चार लोगों को सजा मिलेगी।
खरगे बोले-राजघाट पर करेंगे प्रार्थना और विरोध
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सदस्य शांतिपूर्ण धरना देने के लिए गांधी मेमोरियल जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे वहां बैठकर प्रार्थना करेंगे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को यह समझ आए कि उनके फैसले देश के हित में नहीं हैं। खरगे ने कहा कि वोट चोरी, महंगाई और युवाओं की समस्याएं जनता के खिलाफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आजादी और वोट का अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है। खरगे ने कहा कि वे वहां बैठकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

