फ्री में LPG सिलेंडर से e-KYC तक, नवंबर में ग्राहकों के लिए 3 बड़े अपडेट

नए महीने यानी नवंबर की शुरुआत होने वाली है। इस नए महीने में धनतेरस और दिवाली जैसे बड़े त्योहार हैं। ऐसे में त्योहारी सीजन के दौरान एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों पर ग्राहकों की नजर रहेगी। वहीं, कुछ राज्यों ने एक खास वर्ग को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का भी ऐलान किया है। इसके अलावा, बीते कुछ दिनों में नियम बदलने की वजह से भी ग्राहक प्रभावित हो सकते हैं।

फ्री एलपीजी सिलेंडर

दिवाली के मौके पर उत्तर प्रदेश और दिल्ली की सरकार अपने अलग-अलग वर्ग के ग्राहकों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दे रही है। कुछ महीनों पहले ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की थी कि दिल्ली में राशन कार्ड वाले सभी परिवारों को हर साल दो LPG सिलेंडर की कीमत के बराबर आर्थिक मदद दी जाएगी। यह मदद होली और दिवाली के मौकों पर दी जाएगी। सिलेंडर के लिए तय रकम परिवार के मुखिया के आधार-लिंक्ड बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए दी जाएगी। योगी सरकार भी दिवाली के मौके पर उज्जवला योजना के लाभार्थियों को फ्री एलपीजी सिलेंडर देती है। इस योजना के दायरे में उत्तर प्रदेश के डेढ़ करोड़ से ज्यादा लाभार्थी आते हैं।

कीमतों में बदलाव

तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को कमर्शियल और घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव करती हैं। ऐसे में एक नवंबर से एक बार फिर से कीमतों में बदलाव हो सकता है। बता दें कि कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और दूसरे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बड़े पैमाने पर होता है। कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार, कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति जैसी परिस्थितियों से प्रभावित होती हैं। इसलिए कारोबारियों को नवंबर की शुरुआत में नए रेट पर नजर रखनी होगी। वहीं, घरेलू LPG सिलेंडर की बात करें तो यह 14.2 किलोग्राम का होता है। देश की राजधानी दिल्ली में इसकी कीमत 942 रुपये बनी हुई थी।

आधार e-KYC जरूरी

LPG ग्राहकों के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी भी जरूरी है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशानुसार ई-केवाईसी की यह अनिवार्यता 1 अक्टूबर 2026 से आधिकारिक तौर पर लागू कर दी गई है। जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही अपना प्रमाणीकरण पूरा कर लिया है, उन्हें इसे दोबारा करने की जरूरत नहीं है। जो पात्र उपभोक्ता ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं, उन्हें सत्यापन पूरा होने तक सब्सिडी वाले रिफिल बुक करने से रोका जा सकता है।

LPG की e-KYC कैसे करें?

ग्राहक अपने गैस वितरक के आधिकारिक ऐप या वेबसाइट के जरिए आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करने का विकल्प देख सकते हैं। इसके लिए ये तरीके अपनाए जा सकते हैं:

– इंडेन ग्राहक: IndianOil One ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं।

– भारत गैस ग्राहक: Hello BPCL ऐप के जरिए संबंधित सुविधा देख सकते हैं।

– एचपी गैस ग्राहक: HP Pay ऐप पर उपलब्ध e-KYC विकल्प की जांच कर सकते हैं।

इसके लिए आधार फेस ऑथेंटिकेशन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करनी पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *