ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बस खाई में गिरी, उत्तराखंड में दो हादसों ने 13 की जान ली; पीएम ने जताया दुख

उत्तराखंड में 12 घंटे के भीतर दो बड़े सड़क हादसों में 13 लोगों की जान चली गई। पहला हादसा रुद्रप्रयाग में बीती रात 9 बजे हुआ। एक बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सभी शादी से लौट रहे थे। चार लोगों की जान चली गई। दूसरा आज सुबह करीब साढ़े चार बजे ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे पानी में समा गई। हादसे के वक्त बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 घायल हैं। इसमें उत्तराखंड के 10, झारखंड के 6, पश्चिम बंगाल, बिहार और असम के दो-दो, जबकि दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के एक-एक लोग घायल हुए हैं। हादसों पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी और सीएम धामी ने दुख जताया है। जानकारी के अनुसार, सुबह के वक्त थाना मुनिकीरेती के तहत हरिद्वार से चमोली जा रही विश्वनाथ सेवा की बस ऋषिकेश के नजदीक गुलरक्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिरी। हादसे में 9 की मौत हो गई है। जबकि, 26 लोग घायल हुए हैं। बस पूरी तरह से पिचक चुकी थी।

एसडीआरएफ के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई। टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

यात्रियों का आरोप- टोकने पर भी ड्राइवर ने रफ्तार बढ़ाई

हादसे में घायल यात्री पंकज ने बताया, “ड्राइवर बहुत तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था। मैंने भी उसे गाड़ी धीरे चलाने के लिए कहा था। इसके बाद मैं झपकी लेने लगा और फिर मुझे नहीं पता कि क्या हुआ… यात्रियों ने भी उसे दो-तीन बार गाड़ी धीरे चलाने के लिए कहा था, लेकिन वह पूरी रफ्तार से गाड़ी चला रहा था…।

राष्ट्रपति, पीएम मोदी-सीएम धामी ने दुख जताया

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर आज सुबह हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। पीएमओ की तरफ से कहा गया, “उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर से गहरा दुख हुआ। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिवारजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *