प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे हैं, जहां क्वाड नेताओं के साथ बैठक होनी है। इससे पहले के एक घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीएम मोदी भारतीय तिरंगे को उठाते दिख रहे हैं। दरअसल, क्वाड नेताओं की बैठक के लिए पहुंचने पर पीएम मोदी ने पहचान के लिए स्टेज पर नीचे रखे तिरंगे को उठा लिया। इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी पीठ थपथपाई और कहा, ‘इसे सुरक्षित रखिए।’ इस दौरान वहां मौजूद अन्य नेता भी मुस्कुराते नजर आए। व्हाइट हाउस की ओर से भी इस घटना का वीडियो शेयर किया गया है।
इससे पहले, पीएम मोदी ने मनीला में 11 देशों के समूह आसियान के नेताओं को मंगलवार को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत एक स्वतंत्र, समावेशी और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विश्वास करता है। इसका भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि सहयोग से तय होना चाहिए। मोदी ने यह टिप्पणी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों को लेकर चिंताओं के बीच की है। उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के मद्देनजर इस साझेदारी ने एक नया आयाम हासिल किया है। भारत की एक्ट ईस्ट नीति ने दोनों पक्षों के संबंधों को नई गति दी है।
वहीं, क्वाड देशों के नेताओं के साथ बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि QUAD अब अपने समुद्री गश्ती विमानों के साथ एक सैन्य अभ्यास भी करेगा। उन्होंने कहा कि ताकत के दम पर शांति बनाए रखने के प्रयासों के तहत यह कदम उठाया जा रहा है। ट्रंप ने बताया कि क्वाड देशों की नौसेनाओं ने हाल ही में जापान के पास 30वां मालाबार संयुक्त नौसैनिक अभ्यास किया, जिसमें पनडुब्बी रोधी और सतह पर मौजूद दुश्मन के जहाजों के खिलाफ युद्धाभ्यास किया गया। मौजूदा समय में पनडुब्बी रोधी क्षमता बेहद अहम हो गई है। अमेरिका की पनडुब्बियों को दुनिया की सबसे उन्नत पनडुब्बियां बताते हुए ट्रंप ने कहा कि उनका देश ऑस्ट्रेलिया और अन्य सहयोगी देशों के साथ मिलकर इस क्षेत्र में काम कर रहा है। उन्होंने अमेरिकी पनडुब्बियों की तकनीक और क्षमता को बेहद मॉडर्न बताया।
क्वाड देशों के बारे में जानिए
क्वाड (QUAD) भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया का चार देशों का रणनीतिक समूह है, जिसका उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखना है। मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में चारों देशों के नेताओं की अहम बैठक हो रही है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल हैं। करीब 2 साल बाद हो रही इस बैठक में समुद्री सुरक्षा, व्यापार, खनिजों की आपूर्ति, नई तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हो रही है। ट्रंप ने समुद्री गश्ती विमानों के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास और AI एक्सीलरेटर शुरू करने की घोषणा भी की है।
QUAD यानी क्वाड्रिलेटरल सिक्योरिटी डायलॉग की शुरुआत दिसंबर 2004 में हिंद महासागर में आई विनाशकारी सुनामी के बाद हुई। उस समय भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने प्रभावित देशों तक राहत और बचाव सहायता पहुंचाने के लिए मिलकर काम किया था। इसी सहयोग को आगे बढ़ाते हुए मई 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली औपचारिक बैठक फिलीपींस की राजधानी मनीला में हुई। जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने इस समूह को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, चीन की नाराजगी और सदस्य देशों के बीच मतभेदों के कारण 2008 में इसकी गतिविधियां लगभग बंद हो गईं। करीब 10 साल बाद नवंबर 2017 में इसे फिर सक्रिय किया गया।
