दो दिन पहले भारत-नेपाल बॉर्डर पर काली नदी पर बने छारछुम मोटर पुल का पीएम नरेंद्र मोदी ने शुभारंभ किया था। अब दोनों देशों के नागरिक अपने-अपने वाहन से एक से दूसरे देश आवाजाही करने लगे हैं, लेकिन इस सुविधा के लिए भारतीय वाहन स्वामियों को आने वाले दिनों में सीमा शुल्क के रूप में कीमत चुकानी होगी। वहीं नेपाली नागरिक नेपाल सीमा पर बने अन्य मोटर पुलों की तरह ही यहां भी नि:शुल्क आवाजाही करेंगे।
नेपाल सीमा पर बने अन्य मोटर पुलों की तर्ज पर धारचूला-छारछुम पुल से नेपाल जाने वाले भारतीय वाहन स्वामियों को भी निकट भविष्य में भंसार शुल्क चुकाना होगा। इस व्यवस्था को धरातल पर उतारने के लिए नेपाल प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सीमा पर भंसार कार्यालय स्थापित करने के लिए नेपाल प्रशासन की ओर से असीगाड़ क्षेत्र में भूमि का चयन कर लिया गया है। जैसे ही नेपाल का यह भंसार कार्यालय अस्तित्व में आएगा, भारतीय वाहन चालकों की जेब पर आर्थिक बोझ पड़ना शुरू हो जाएगा।
नेपाल जाने पर लगता है भंसार
चंपावत के बनबसा क्षेत्र में नेपाल सीमा पर मोटर पुल है। नेपाल जाने वाले भारतीय वाहनों को 600 रुपये भंसार(टैक्स) कटवाना पड़ता है। जबकि नेपाल की ओर से भारतीय सीमा में आने वाले नेपाली वाहनों पर प्रवेश शुल्क लागू नहीं है। इसी तर्ज पर छारछुम मोटर पुल पर भी यही शुल्क व्यवस्था लागू रहेगी।
मोटर पुल से आवाजाही आसान
सीमांत क्षेत्र में पुल लंबे समय से व्यापार, पर्यटन और आपसी रिश्तों को जोड़ने की बड़ी उम्मीद के रूप में देखा जा रहा था।पुल खुलने से सामान ढुलाई,स्वास्थ्य सेवाओं,रिश्तेदारी व कामों के लिए दोनों ओर के लोगों को बड़ी राहत मिली है।भारतीय वाहनों को नेपाल सीमा में प्रवेश करने के लिए शुल्क, कागजी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। नेपाल के दार्चूला में सहायक जिलाधिकारी मोहन सिंह ने बताया कि भंसार सहित सुरक्षा संबंधी निकायों को स्थापित करने के लिए भूमि चयनित कर ली गई है। दोनों देशों कि सहमति के शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
पुल से आर्थिक अवसरों के नए दरवाजे खुलेंगे
छारछुम मोटर पुल अब सीमावर्ती इलाकों के लिए न केवल आर्थिक अवसरों का नया द्वार खोलने जा रहा है, बल्कि शादी-ब्याह और पारिवारिक मेल-मिलाप की वर्षों पुरानी मुश्किलों को भी आसान करेगा। पुल के संचालन से भारी सामान की ढुलाई आसान होगी और माल परिवहन की लागत घटेगी, जिससे सीमा व्यापार का पूरा गणित बदलने की उम्मीद है। साथ ही, शादी-ब्याह में अब दूल्हा और दुल्हन झूला पुल के सहारे पैदल चलने के बजाय सीधे वाहनों में सवार होकर एक-दूसरे के घर पहुंच सकेंगे।
क्या फायदे होंगे
पिथौरागढ़ से भारत-नेपाल सीमा पर अब तक भारी सामान, राशन और निर्माण सामग्री की आवाजाही सीमित संसाधनों और कठिन रास्तों के कारण महंगी और समय लेने वाली साबित होती थी। छारछुम मोटर पुल से वाहनों की सीधी आवाजाही शुरू होने के बाद माल ढुलाई की प्रक्रिया तेज और सरल हो जाएगी। परिवहन लागत में कमी आने से स्थानीय बाजारों में वस्तुओं की पहुंच आसान होगी और व्यापारियों व उपभोक्ताओं दोनों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
शादी-ब्याह में खत्म होगी पैदल चलने की मुश्किल
भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में पारिवारिक और वैवाहिक रिश्ते सदियों से जुड़े हुए हैं। अभी तक नेपाल से ब्याह कर आने वाली बहुओं को ससुराल पहुंचने के लिए झूला पुल से पैदल गुजरना पड़ता था और दूल्हे को भी दुल्हन के घर तक पैदल ही सफर तय करना होता था लेकfन मोटर पुल शुरू होने से यह तस्वीर बदलने जा रही है, अब दूल्हा-दुल्हन ही सीधे एक-दूसरे के घर पहुंच सकेंगे।
