युवाओं में दिखा उत्साह, बुजुर्ग और दिव्यांगों ने भी लोकतंत्र में आहुति दी
शहर में गुरुवार को सुबह से ही मतदान को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। पोलिंग बूथों पर युवाओं ने लंबी कतारों में आधे से एक घंटे के इंतजार के बाद मताधिकार का प्रयोग किया, तो उनके चेहरे खिले दिखे। दिन चढ़ने के साथ ही मतदाताओं की संख्या में भी बूथों पर इजाफा होता नजर आया। बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाता भी पूरे जोश के साथ मतदान केंद्र पर पहुंचे। लोकतंत्र के महापर्व में उन्होंने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे से नगर निगम चुनाव के लिए बने 84 बूथों पर मतदान प्रारंभ हुआ। सर्दी की वजह से सुबह मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन 10 बजे के बाद अचानक से इसमें तेजी आई। मतदाता भारी संख्या में बूथों पर मतदान को पहुंचे, तो दोपहर 12 बजे 20.23 प्रतिशत मतदान हुआ। दो घंटे बाद मतदान का प्रतिशत 10 बढ़कर 29.56 पहुंच गया। चार बजे 45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के लिए ज्यादा संख्या युवाओं की दिखी, तो महिलाओं ने भी जमकर मतदान करते हुए शहर और वार्ड के विकास के लिए प्रत्याशियों के नामों पर बैलेट पेपर में मुहर लगाई। 90 वर्ष तक बुजुर्ग भी मतदान केंद्रों पर पहुंचे। उन्हें फौरन मतदान की सुविधा दी गई। जबकि, दिव्यांगों में भी मतदान के लिए गजब का उत्साह देखने को मिला। वहीं, मतदान में सुरक्षा को लेकर पुलिस कड़े बंदोबस्त नजर आए। एसपी ऋषिकेश जया बलोनी और सीओ संदीप नेगी ने भी बूथों और मतदान केंद्रों का निरीक्षण का व्यवस्था को परखा। तैनात पुलिस अधिकारियों व जवानों को सतर्क रहने के निर्देश भी दिए। उधर, एसडीएम स्मृता परमार भी सुबह से लेकर शाम तक मतदान केंद्रों का दौरा करती रहीं।
उम्र 90, बोलीं- राजो देवी वोट जरूर
नगर निगम चुनाव में 90 वर्षीय राजो देवी मतदान करने पहुंचीं। परिवार ने सहारा देकर उन्हें बूथ तक पहुंचाया। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने उन्हें तुरंत मतदान की सुविधा दी।
नगर निगम चुनाव में सदानंद मार्ग निवासी 90 वर्षीय महिला राजो देवी भी मतदान के लिए पहुंचीं। ठीक से नहीं चल पाई, तो परिवार के सदस्यों ने हाथों का सहारा देकर उन्हें दूनमार्ग स्थित जीजीआईसी में बूथ के भीतर दाखिल कराया। बुजुर्ग मतदाता को देखते ही तैनात निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने उन्हें तत्काल मतदान की सुविधा दी। इस बीच राजो देवी ने कहा कि मतदान का प्रयोग जरूरी है। इससे ही आपका और आपके बच्चों और शहर का भविष्य तय होता है। कहा कि वह हर चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करती हैं। उन्होंने अन्य लोगों से भी लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान जरूर करने के लिए प्रेरित किया। 90 वर्ष की उम्र में भी पोलिंग बूथ पर पहुंची राजो देवी को देख अन्य मतदाता भी उनका उत्साह बढ़ाते हुए नजर आए। बुजुर्ग मतदाता के हौसले को सराहते हुए मतदन को उनमें उत्साह भी दोगुना दिखा।
भाजपा की ऋषिकेश में होगी एकतरफा जीत: प्रेमचंद
क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने अपनी माता और परिवार के साथ मतदान किया।
क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने भी परिवार के साथ मतदान किया। वह अपनी बुजुर्ग माता धर्मो देवी बेटे पीयूष अग्रवाल और पुत्रवधू अर्श अग्रवाल के साथ ज्योति स्पेशल स्कूल में मतदान करने पहुंचे। यहां उन्होंने मतदान करते हुए हर किसी को लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी के लिए प्रेरित भी किया। हवाला देते हुए बताया कि शारीरिक पीड़ा के बावजूद उनकी बुजुर्ग माता वोट देने पहुंचीं। मीडिया कर्मियों से बातचीत में मंत्री अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश में भाजपा की एकतरफा जीत तय है। सोशल मीडिया पर लड़ने वाले विरोधियों को भी इसका भान हो चुका है। कहा कि विकास भाजपा के शासनकाल में ही संभव है। बोले, केंद्र और राज्य के बाद अब तीसरी सरकार के रूप में जनता भाजपा को चुन रही है। कहा कि 25 जनवरी को मतगणना के बाद अच्छे मतों के साथ ही भाजपा की जीत होगी। चुनाव के दौरान कुछ लोगों ने भ्रामक प्रचार किया और हथकंडे अपनाए। अब जनता उन्हें सबक सिखा रही है। इस तरह की प्रत्याशी चुनाव के बाद भी नजर नहीं आते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में सीएम पुष्कर सिंह धामी के विकास कार्यों के साथ ही शहर में एक बार फिर विकास को रफ्तार देने के लिए भाजपा के नाम पर मुहर लग रही है।