रेडियो ऋषिकेश 90.0 एफएम ने भारतीय ग्रामोथान संस्था के सहयोग से 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं रेडियो टीम की सक्रिय सहभागिता रही।
इस अवसर पर भारतीय ग्रामोथान संस्था की अध्यक्ष गीता चंदोला ने कहा कि समाज और देश में सकारात्मक बदलाव अत्यंत आवश्यक है और यदि समय रहते इस बदलाव को समझ लिया जाए तो एक बेहतर भविष्य का निर्माण संभव है।
संस्था के प्रबंधक अनिल चंदोला ने एनजीओ की कार्यप्रणाली एवं रणनीतियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार संस्था सामाजिक उत्थान, स्वरोजगार और जनकल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में P.R.O एन. पी. कुक्साल ने गणतंत्र दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए संविधान, लोकतंत्र और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
रेडियो ऋषिकेश की स्टेशन हेड रक्षा उपाध्याय ने कहा कि आज़ादी के साथ अपने विचारों को स्वतंत्र रूप से व्यक्त करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने सभी से अपनी बात खुलकर रखने और देश के जिम्मेदार व जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया।
रेडियो ऋषिकेश के टेक्निकल हेड अंकित रावत ने उपस्थित लोगों को मौलिक अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों को समझना चाहिए और उनका सही उपयोग कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में बिना पुंडीर, परमिला भट्ट, राम सेवक रतूड़ी, प्रियंका, मोनिका, हीना, रजनी उनियाल, कमली पवार, मधु चौहान सहित भारतीय ग्रामोथान संस्था के अन्य कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने देश की एकता, अखंडता और संविधान के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।






