भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप में होने वाले मुकाबले को लेकर बड़ा बयान दिया है। भारतीय कप्तान ने गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान के बॉयकॉट के बावजूद उनकी टीम पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप मुकाबले के लिए कोलंबे जाएगी। भारत को 15 फरवरी को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी का सामना करना है लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम को उसकी सरकार ने मैच में हिस्सा नहीं लेने के लिए कहा है क्योंकि ‘सुरक्षा चिंताओं’ के कारण भारत में खेलने से इनकार करने के बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को प्रतियोगिता में शामिल किया गया है।
भारतीय टीम की फ्लाइट बुक
भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टूर्नामेंट से पहले कप्तानों की प्रेस मीट के दौरान कहा, ”मुझे लगता है कि उनका फैसला मेरे नियंत्रण में नहीं है। काश मैं उनके फैसले ले पाता लेकिन यह उनका फैसला है। हम एशिया कप में भी खेले थे और हम उनके साथ तीन बार खेले थे।”
विश्व कप शनिवार से शुरू हो रहा है और भारत उसी शाम अपने पहले मैच में अमेरिका से भिड़ेगा। सूर्यकुमार ने कहा, ”हमारी सोच काफी स्पष्ट है। हमने (पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से) मना नहीं किया है। उन्होंने किया है। आईसीसी ने कार्यक्रम तय किया। हमारी फ्लाइट की टिकट बुक हो गई है और हम वहां (कोलंबो) जा रहे हैं।”
भारत खेलने के लिए तैयार
उन्होंने कहा, ”टीम में चर्चा हुई है कि हम पहले सात फरवरी को खेल रहे हैं और फिर हम वहां जाएंगे।” सूर्यकुमार ने कहा, ”हमने उनके खिलाफ कुछ अच्छा क्रिकेट खेला है। हमें बताया गया है कि मैच 15 तारीख को है, मैच तटस्थ स्थल पर है और अगर हमें मौका मिलता है तो हम खेलेंगे। यह उनके (पाकिस्तानी खिलाड़ियों) के लिए भी एक मुश्किल फैसला है।” विश्व कप शनिवार से शुरू हो रहा है और भारत उसी शाम अपने पहले मैच में अमेरिका से भिड़ेगा।
इससे पहले भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच के बहिष्कार को सही फैसला बताते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने कहा कि बांग्लादेश के समर्थन के लिये यह ‘सोच समझकर’ लिया गया फैसला है । शरीफ ने सरकार की एक बैठक के बाद कहा ,” हमने टी20 विश्व कप पर स्पष्ट रूख अपनाया है कि हम भारत के खिलाफ नहीं खेलेंगे क्योंकि खेल के मैदान पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिये ।” उन्होंने कहा ,’ हमने सोच समझकर यह रूख अपनाया है और हम पूरी तरह से बांग्लादेश के साथ हैं । मुझे लगता है कि यह बिल्कुल सही फैसला है ।”

