
देहरादून। सहस्त्रधारा / आई.टी. पार्क रोड पर आयोजित द्रोण महोत्सव 2026 में जहां एक ओर विभिन्न राज्यों के कारीगर अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर रेडियो ऋषिकेश 90.0 F.M ने अपने विशेष सेल्फी पॉइंट के माध्यम से लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
महोत्सव स्थल पर लगाए गए रेडियो ऋषिकेश के सेल्फी स्टैंड पर दिनभर युवाओं, परिवारों और बच्चों की भीड़ लगी रही। रेडियो टीम ने आगंतुकों की सेल्फी क्लिक करवाई और उन्हें रेडियो ऋषिकेश के कार्यक्रमों, अभियानों एवं सामाजिक पहलों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

रेडियो ऋषिकेश की टीम ने केवल मनोरंजन तक ही अपने कार्यक्रम को सीमित नहीं रखा, बल्कि ज्ञानवर्धक खेलों और रोचक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया। प्रतिभागियों से सामान्य ज्ञान, स्थानीय संस्कृति और समसामयिक विषयों से जुड़े सवाल पूछे गए, जिनके सही उत्तर देने वालों को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में हंसी-मजाक और मस्ती के बीच ज्ञान का भी समावेश रहा, जिससे बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई प्रतिभागियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से उन्हें मनोरंजन के साथ नई जानकारी भी प्राप्त हुई।

रेडियो ऋषिकेश की इस पहल ने महोत्सव के माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया। सेल्फी पॉइंट पर खींची गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की जा रही हैं, जिससे महोत्सव की रौनक और बढ़ गई है।

आयोजकों ने बताया कि द्रोण महोत्सव 13 से 22 फरवरी तक जारी रहेगा और आने वाले दिनों में भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं एवं जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

द्रोण महोत्सव में रेडियो ऋषिकेश की सक्रिय भागीदारी ने यह साबित कर दिया है कि मीडिया की सकारात्मक भूमिका से किसी भी आयोजन को और अधिक प्रभावशाली बनाया जा सकता है।

