देहरादून। सहस्त्रधारा / आई.टी. पार्क रोड पर आयोजित द्रोण महोत्सव 2026 का आठवां दिन भी सामान्य रूप से गतिविधियों के साथ जारी रहा। मेले में पहुंचे लोगों ने विभिन्न स्टॉलों पर जाकर उत्पाद देखे और खरीदारी भी की। यहां अलग-अलग राज्यों से आए कारीगरों द्वारा हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग के सामान, पारंपरिक वस्त्र और अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं, जिन्हें देखने के लिए लोग लगातार पहुंच रहे हैं।
इस महोत्सव का आयोजन भारतीय ग्रामोत्थान संस्था द्वारा किया जा रहा है। मेले में प्राकृतिक फाइबर से बने उत्पाद, पहाड़ी खाद्य सामग्री, बांस से बने सामान और अन्य स्थानीय वस्तुएं लोगों को आकर्षित कर रही हैं। साथ ही कई विभागों के स्टॉल भी लगे हैं, जहां लोगों को जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मेले में Radio Rishikesh की टीम भी सक्रिय रूप से लोगों के साथ जुड़ रही है। टीम द्वारा वहां आए लोगों के साथ छोटे-छोटे मनोरंजक और ज्ञान से जुड़े गेम व कंटेस्ट कराए जा रहे हैं, जिन्हें लोगों ने पसंद किया।
आयोजकों की ओर से देहरादून और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अपील की गई है कि द्रोण महोत्सव समाप्त होने में अब केवल दो दिन ही शेष हैं, इसलिए अधिक से अधिक लोग मेले में पहुंचकर यहां लगे स्टॉलों को देखें, स्थानीय कारीगरों का समर्थन करें और इस आयोजन का आनंद लें।




