क्या है BHAVYA योजना, जिसे मोदी कैबिनेट ने दी मंजूरी; बनेंगे 100 इंडस्ट्रियल पार्क

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में बुधवार को भारत औद्योगिक विकास योजना (BHAVYA- भव्य) योजना को मंजूरी दे दी गई। इस योजना के तहत 33,660 करोड़ रुपये की मदद से 100 निवेश-तैयार प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल पार्क बनाए जाएंगे।

भारत औद्योगिक विकास योजना की घोषणा बजट में भी की गई थी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, ”इन्वेस्टमेंट रेडी, प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल पार्क की स्कीम बनी है, जिसके तहत 100 शहरों जहां पर इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम बन सकता है, वहां पर ये पार्क बनाए जाएंगे। भारत सरकार की तरफ से एक करोड़ प्रति एक एकड़ का सपोर्ट दिया जाएगा।”

उन्होंने आगे बताया कि कम से कम 100 एकड़ की जरूरत होगी। पूर्वोत्तर और पर्वतीय इलाकों में इसे 25 एकड़ रखा गया है। यह कार्यक्रम छह सालों का है। इसमें राज्य सरकारों और सरकारी पीएसयू के साथ मिलकर इसे डेवलप किया जाएगा। नोडल एजेंसी एनआईटीडीसी होगी, जोकि एसपीवी बनाएगी और ये आगे डेवलप करेंगी।

इस योजना से सरकार को करीब 15 लाख सीधे रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। इसके तहत, सरकार 100 से 1,000 एकड़ तक के औद्योगिक पार्कों को विकसित किया जाएगा, जिसके लिए प्रति एकड़ 1 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी।

इन 100 जगहों पर पहले से ही इंडस्ट्रीज के लिए जरूरी सुविधाएं मौजूद करवाई जाएंगी। इनके तहत 100 बड़े औद्योगिक शहरों को डेवलप किया जाएगा। जब उद्योगपतियों को जमीन आवंटित की जाएगी, उससे पहले ही वहां पर सड़क, बिजली, पानी आदि जैसी मूलभूत सुविधाओं को तैयार रखा जाएगा। इससे उद्योग को शुरुआत से ही चलाने में मदद मिलेगी और कंपनियां अपना प्रोडक्शन शुरू कर सकेंगी। सरकार की प्रेस रिलीज के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य विश्व-स्तरीय औद्योगिक बुनियादी ढांचा विकसित करना, विनिर्माण क्षमता को उजागर करना और भारत की विकास गाथा को आगे बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *