तमिलनाडु में फंसा सत्ता का पेच, बहुमत नहीं जुटा पाए थलापति विजय; लोकभवन से क्या निर्देश?

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में ऐतिहासिक जीत हासिल करन के बाद थलापति विजय सत्ता हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं। बुधवार को तमिलनाडु के राज्यपाल विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात करके कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाने का दावा पेश किया है। हालांकि, पीटीआई के लोकभवन सूत्रों के अनुसार राज्यपाल को अभी भी इस बात का भरोसा नहीं है कि विजय की पार्टी टीवीके पर्याप्त संख्याबल जुटाने में समर्थ है।

गौरतलब है कि 234 सदस्य वाली तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत हासिल करने के लिए टीवीके को 118 विधायकों की जरूरत है। विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी को 108 सीटों पर जीत मिली है। विजय ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा है। ऐसे में उन्हें एक सीट खाली करनी होगी। कुल मिलाकर टीवीके के खाते में 107 सीटें हैं। इस आधार पर उन्हें 11 विधायकों की जरूरत है। कांग्रेस के पास केवल पांच विधायक हैं, जो टीवीके के आंकड़े को 111 तक ले जाते हैं। सात विधायकों की कमी को पूरा करने के लिए विजय अन्य छोटी पार्टियों के सहारे हैं। यहीं पर पेच फंसा हुआ है।

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, टीवीके ने कांग्रेस के अलावा डीएमकी की सहयोगी वीसीके, वामपंथी पार्टियों, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग आदि से समर्थन मांगा था। कांग्रेस ने समर्थन के लिए हामी भरी है। वहीं लेफ्ट पार्टियों और आईयूएमएल ने समर्थन देने से साफ इनकार कर दिया है। वहीं, वीसीके ने बताया कि अभी तक उसने इस पर कोई फैसला नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *