देहरादून कांवली रोड पर बेकाबू डंपर ने युवक को रौंदा, मौत के बाद सड़क पर जाम और हंगामा

देहरादून में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। कांवली रोड पर तेज रफ्तार और बेकाबू डंपर ने एक राहगीर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सिद्धार्थ प्रोजेक्ट के पास ढलान पर हुआ, जहां बजरी से भरा डंपर बल्लूपुर चौक की ओर से आ रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ढलान होने के बावजूद डंपर की गति काफी तेज थी और चालक नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े करीब 40 वर्षीय युवक को डंपर ने रौंद दिया। टक्कर इतनी भयावह थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डंपर सड़क किनारे टकराकर रुक गया, लेकिन चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया।

लोगों का भड़का गुस्सा, जाम

मृतक की पहचान बाद में सतेंद्र साहनी के रूप में हुई, जिसकी पुष्टि उनके भतीजे जितेंद्र साहनी ने की। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और कांवली रोड पर जाम लगा दिया। लोगों ने टायर और लकड़ियां जलाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक यातायात ठप रहा। इस दौरान कुछ लोगों ने डंपर के शीशे भी तोड़ दिए।

फरार चालक की तलाश तेज

हंगामे और जाम की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर शहर कोतवाल हरिओम राज चौहान समेत कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंची। पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि डंपर की चपेट में आने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हुई है और चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है। साथ ही शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *