तेज हवा और बारिश से आम-लीची फसल को नुकसान

तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश ने डोईवाला क्षेत्र के बागवानी सेक्टर को गहरा नुकसान पहुंचाया है। आम और लीची की तैयार हो रही फसल को प्रारंभिक आकलन में करीब 35 से 40 प्रतिशत तक क्षति होने का अनुमान जताया जा रहा है। अचानक बदले मौसम ने बागवानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है, जिससे किसानों में चिंता बढ़ गई है। डोईवाला क्षेत्र में शुक्रवार रात और शनिवार को दोपहर बाद तेज हवा चली। थानों, भोगपुर, रानीपोखरी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवाओं के चलते आम और लीची के पेड़ों से बड़ी मात्रा में फल झड़ गए। कई जगहों पर भारी हवाओं के कारण पेड़ों की टहनियां भी टूटकर गिर गईं, जिससे बागों को और अधिक नुकसान हुआ है।

बागवानों का कहना है कि इस समय फसल पकने की स्थिति में थी, ऐसे में नुकसान अधिक गंभीर हुआ है। उधर, उद्यान विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। विभागीय अधिकारियों ने अलग-अलग बागों में पहुंचकर फसल क्षति का प्रारंभिक सर्वे शुरू कर दिया है और रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उद्यान विभाग अधिकारी श्वेता चौहान ने बताया कि शुरुआती आकलन के अनुसार नुकसान 35 से 40 प्रतिशत के बीच है। टीम लगातार क्षेत्र में निरीक्षण कर रही है और सभी प्रभावित किसानों की जानकारी एकत्र की जा रही है। विस्तृत सर्वे के बाद वास्तविक क्षति का सही आंकलन किया जाएगा और रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। स्थानीय किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मुआवजा और राहत राशि जारी करने की मांग की है, ताकि इस प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई हो सके और बागवानों को आर्थिक मदद मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *