अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) नई दिल्ली ने INI-CET जनवरी 2027 सेशन के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इंपोर्टेंस-कंबाइंड एंट्रेंस टेस्ट (INI-CET) के जरिए एम्स नई दिल्ली समेत अन्य भाग लेने वाले इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इंपोर्टेंस (INI) में पोस्टग्रेजुएट मेडिकल और डेंटल कोर्सों में दाखिला दिया जाता है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार AIIMS की आधिकारिक वेबसाइट aiimsexams.ac.in के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
13 अक्टूबर तक करें आवेदन
उम्मीदवारों को INI-CET जनवरी 2027 सत्र के लिए 13 अक्टूबर 2026 तक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद उम्मीदवार 17 से 19 अक्टूबर के बीच अपने आवेदन का स्टेटस चेक कर सकेंगे। वहीं, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का फाइनल स्टेटस और एडमिट कार्ड 26 अक्टूबर 2026 को जारी किया जाएगा।
कब होगी परीक्षा
बता दें कि INI-CET 2027 परीक्षा का आयोजन 1 नवंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में होगी। इसके जरिए MD, MS, MCh, DM और MDS जैसे पोस्टग्रेजुएट कोर्सेज में एडमिशन दिया जाएगा।
एग्जाम पैटर्न
INI-CET 2027 परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में उम्मीदवारों से कुल 200 ऑब्जेक्टिव टाइप सवाल पूछे जाएंगे। इन सभी प्रश्नों को हल करने के लिए उम्मीदवारों को 3 घंटे यानी 180 मिनट का समय मिलेगा। इसलिए परीक्षा में टाइम मैनेजमेंड भी महत्वपूर्ण रहेगा।
मार्किंग स्कीम की बात करें, तो हर सही उत्तर के लिए 1 अंक दिया जाएगा। वहीं, गलत उत्तर देने पर एक-तिहाई अंक (1/3 अंक) काटे जाएंगे। इसका मतलब है कि उम्मीदवारों को प्रश्नों का उत्तर देते समय सावधानी बरतनी होगी, क्योंकि गलत जवाब देने पर प्राप्त अंकों में कटौती होगी। वहीं, बिना अटेम्प्ट किए गए प्रश्नों के लिए न तो अंक मिलेगा और न ही अंक काटा जाएगा।
कितनी है आवेदन फीस?
INI-CET के लिए जनरल, ओबीसी उम्मीदवारों को 4000 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं SC, ST और EWS कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 3200 रुपये निर्धारित है। फीस का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए किया जा सकता है।
INI-CET 2027 के लिए ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवारों को आवेदन के लिए सबसे पहले AIIMS की आधिकारिक वेबसाइट aiimsexams.ac.in पर जाना होगा।
इसके बाद INI-CET रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक कर संबंधित कोर्स का चयन करना होगा।
उम्मीदवार को जन्म तिथि, कैटेगरी, ईमेल आईडी जैसी जानकारी दर्ज करके रजिस्ट्रेशन करना होगा।
इसके बाद रजिस्ट्रेशन डिटेल्स रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर भेजी जाएंगी।
इसके बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरनी होगी और निर्धारित फॉर्मेट में जरूरी इमेज अपलोड करनी होगी।
फिर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा।
आवेदन पूरा होने के बाद उम्मीदवार को कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रखना चाहिए।

