गांधी जयंती के साथ लंबा वीकेंड; मसूरी और ऋषिकेश के लिए नया ट्रैफिक प्लान, ये होगा रूट

 गांधी जयंती के लंबे वीकेंड पर दो से चार अक्तूबर तक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश के लिए प्लान जारी किया है। पार्किंग भरने और दबाव बढ़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था होगी। मसूरी जाने वाले वाहनों को दिल्ली, हरियाणा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर और रुड़की से डाटकाली, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, बल्लूपुर और कैंट क्षेत्र से भेजा जाएगा। ऋषिकेश और डोईवाला से मसूरी जाने वाले वाहन थानो रोड, महाराणा प्रताप चौक, पुलिया नंबर छह, सहस्रधारा क्रॉसिंग और आईटी पार्क होकर जाएंगे।

मसूरी में पार्किंग 90 प्रतिशत भरने पर प्लान-बी लागू होगा। वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में खड़ा कर टैक्सी से आगे भेजेंगे। पार्किंग भरने पर प्लान-सी में वाहनों को गज्जी बैंड से हाथीपांव रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

हरिद्वार-दून के वाहनों को रायवाला से भेजा जाएगा

ऋषिकेश में दबाव बढ़ने पर हरिद्वार और देहरादून के वाहनों को नेपाली फार्म, रायवाला, नटराज चौक, ढालवाला और बाईपास से भेजा जाएगा। अत्यधिक दबाव पर भारी वाहन नेपाली फार्म से देहरादून जाएंगे। रात में नो-एंट्री खुलने के बाद ही प्रवेश मिलेगा। चंद्रभागा पुल से जयराम आश्रम तिराहे तक हरिद्वार रोड पर ऑटो-विक्रम जीरो जोन रहेगा। दून में पैसिफिक मॉल, सेंट्रियो मॉल, सहस्रधारा और गुच्चुपानी में दबाव बढ़ने पर वैकल्पिक मार्ग अपनाए जाएंगे।

तीन दिन की छुट्टियों से मसूरी गुलजार

मसूरी। दो अक्तूबर को गांधी जयंती और इसके बाद शनिवार-रविवार की लगातार तीन दिन की छुट्टियों से पर्यटन नगरी मसूरी में पर्यटकों की भीड़ बढ़ने लगी। गुरुवार से ही शहर में चहल-पहल शुरू हो गई। मालरोड, लाइब्रेरी चौक, पिक्चर पैलेस और कंपनी गार्डन में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी रही।

होटल एसोसिएशन मसूरी के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि अधिकांश होटलों में 70 फीसदी तक बुकिंग हो चुकी है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और यूपी से सबसे ज्यादा पर्यटक पहुंच रहे हैं। व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय दुकानदारों को सीधा लाभ मिलेगा। पिछले दिनों की मंदी के बाद ये तीन दिन कारोबारियों के लिए राहत लेकर आएंगे। उन्होंने प्रशासन से बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *