ऋषिकेश। मुनि की रेती पुलिस ने दोपहिया वाहन चोर गिरोह के तीन आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी तरुण, प्रहलाद और अंकित के पास से तीन बाइक व एक स्कूटी भी बरामद की है। गिरफ्तार शातिर बदमाशों के खिलाफ अन्य राज्यों में भी मुकदमे हैं।
एसएसपी टिहरी आयुष अग्रवाल के निर्देश पर कांवड़ भेष में आ रहे संदिग्धों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। बीते रविवार देर शाम नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस ने तपोवन क्षेत्र में हवाई मोड़ के समीप संदिग्ध प्रतीत होने पर एक स्कूटी तथा एक बाइक को रोका। दोनों वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती प्रदीप चौहान ने बताया कि पुलिस पूछताछ में पता चला की दोनों वाहन चोरी के हैं। वाहन सवार युवकों की पहचान तरुण(23) निवासी ग्राम पल्ला रामलीला चौक, अलीपुर बाहरी दिल्ली, प्रहलाद(20) निवासी ग्राम पल्ला, अलीपुर बाहरी दिल्ली व अंकित(21) निवासी चंदकी, अलीपुर बाहरी दिल्ली के रूप में हुई।
आरोपियों की निशानदेही पर दूसरे राज्योंं से चुराई गई अन्य दो बाइक भी बरामद की गईं। तीनों बाइक सोनीपत हरियाणा, दोघट बागपत उत्तरप्रदेश व ज्वालापुर हरिद्वार से चुराई गई थीं। जबकि स्कूटी मुनि की रेती क्षेत्र से चोरी की थी। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह अपने महंगे शौक पूरा करने के लिए वाहनों की चोरी करते हैं। आरोपियों पर उत्तर प्रदेश, दिल्ली व उत्तराखंड के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। अंकित पर सबसे अधिक 10 मुकदमे, प्रहलाद पर सात व तरुण पर चार मुकदमे दर्ज हैं।
