कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने किया द्रोण महोत्सव 2026 का भव्य उद्घाटन


देहरादून। सहस्त्रधारा / आई.टी. पार्क रोड स्थित द्रोण महोत्सव 2026 का शुभारंभ आज माननीय कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी द्वारा विधिवत दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, आयोजकों, कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों तथा बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही। पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।


उद्घाटन के पश्चात कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने महोत्सव परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने हैंडलूम, हथकरघा वस्त्र, बांस एवं फाइबर उत्पाद, आयुष एवं हर्बल सामग्री, पारंपरिक आभूषण, गृह सज्जा तथा ग्रामीण उत्पादों से जुड़े स्टॉलों पर जाकर कारीगरों से संवाद किया। मंत्री ने उत्पादों की गुणवत्ता, डिजाइन और प्रस्तुतीकरण की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय कारीगरों में अपार प्रतिभा है और ऐसे मंच उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।


उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन “वोकल फॉर लोकल” अभियान को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से न केवल कारीगरों की आय में वृद्धि होती है, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
मंत्री ने आयोजन समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय ग्रामोत्थान संस्था (BGS) ग्रामीण विकास, हस्तशिल्प प्रोत्साहन एवं स्वदेशी उत्पादों के संवर्धन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा आयोजित यह महोत्सव स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा। साथ ही उन्होंने सभी प्रदर्शकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्री गिरीश डोभाल जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी महोत्सव में लगे स्टॉलों का अवलोकन किया और कारीगरों के प्रयासों की सराहना की। राज्य मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलता है, बल्कि युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरणा भी मिलती है। उन्होंने भारतीय ग्रामोत्थान संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आयोजन को सफल बताया।


महोत्सव में विभिन्न राज्यों से आए कारीगर एवं स्वयं सहायता समूह अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय कर रहे हैं। साथ ही, होम्योपैथिक निदेशालय एवं आयुर्वेदिक विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आमजन को स्वास्थ्य संबंधी लाभ मिल रहा है।


दस दिवसीय द्रोण महोत्सव 13 से 22 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्याओं, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों और विभिन्न जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।


उद्घाटन समारोह में अन्य गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन समिति ने देहरादूनवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों को समर्थन दें और महोत्सव को सफल बनाएं।
द्रोण महोत्सव 2026 उत्तराखंड की सांस्कृतिक समृद्धि, स्वावलंबन और स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *