ऋषिकेश: DJ की आवाज कम करने को कहा तो भड़का कैंप ऑपरेटर, दिल्ली के पर्यटकों को पीटा; गिरफ्तार

ऋषिकेश के शिवपुरी में कैंपिंग के दौरान दिल्ली के पर्यटकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मुनि की रेती इलाके में स्थित इस कैंप के ऑपरेटर को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उस पर दिल्ली से आए पर्यटकों के साथ मारपीट करने का आरोप है। पर्यटकों ने देर रात ऑपरेटर से डीजे (DJ) की आवाज थोड़ी कम करने के लिए कहा था जिसके बाद कहासुनी हुई और फिर ऑपरेटर ने पर्यटकों को पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान कैंप ऑपरेटर ने पर्यटकों को जमकर गाली-गलौज भी दी।

शनिवार तड़के की घटना

पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार तड़के ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर स्थित ‘कैंप हवेली’ में हुई। इस मामले में दुष्यंत सिंह नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला है।

खाने के बाद सोने जा रहे थे

मुनि की रेती थाना प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि दिल्ली के उत्तम नगर निवासी दीपक सोनी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। शुक्रवार रात दीपक सोनी और उनके दोस्त सौरभ सेठ कैंप में रुके हुए थे। रात के खाने के बाद जब वे सोने जा रहे थे, तो उन्होंने कैंप ऑपरेटर से डीजे की आवाज कम करने को कहा था।

कमरे में घुसा और पीटा

आरोप है कि इस बात पर ऑपरेटर भड़क गया और उसने पर्यटकों को गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में कहा गया है कि रात करीब 2:30 बजे ऑपरेटर अपने तीन साथियों के साथ पर्यटकों के कमरे में घुसा और उनके साथ जमकर मारपीट की।

आरोपी को जेल भेज दिया

पुलिस ने पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस कैंप से डीजे उपकरण को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामले में साफ किया है कि किसी भी अवैध गतिविधि और आरोप सही पाए जाने पर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *