तीर्थयात्रियों की भा रहा चौंसा भात और थिच्वाणी

चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकेश में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन को पहुंच रहे तीर्थयात्रियों को पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद भा रहा है। उन्हें ट्रांजिट केंद्र में रजिस्ट्रेशन काउंटर के नजदीक ही स्टॉल पर चौंसा भात, मंडुवे की रोटी, थिच्वाणी, झंगोरे की खीर समेत अन्य पहाड़ी व्यंजन परोसे जा रहे हैं। इन व्यंजनों का स्वाद चखकर यात्रियों के मुंह से सिर्फ प्रशंसा के शब्द ही फूट रहे हैं। खास है कि स्टॉल का संचालन महिला स्वयं सहायता समूहों कर रही हैं। नगर निगम प्रशासन ने उन्हें स्थानीय व्यंजनों को प्रोत्साहन के लिए ट्रांजिट केंद्र में स्टॉल की सुविधा दी है। मुफ्त में उन्हें टेंट लगाकर दिए गए हैं, जिसमें नगर क्षेत्र की 12 महिला स्वयं सहायता समूह स्टॉल चला रही हैं।

बुधवार को महाराष्ट्र के यात्री निलेश खरे परिवार के साथ स्टॉल पर पहाड़ी व्यंजनों का लुत्फ उठाते दिखे। उन्होंने कहा कि अभी तक की यात्रा में उन्होंने इस तरह का स्वादिष्ट भोजन नहीं चखा है। महज 80 रुपये की थाली में भरपूर स्वाद मिल रहा है। निकुंज आजीविका सहायता समूह स्टॉल संचालक अर्चना ने बताया कि इस तरह के सहयोग न सिर्फ आर्थिक रूप से सशक्तिकरण की राह प्रशस्त हो रही है, बल्कि पहाड़ी व्यंजनों को भी देश-दुनियों के यात्रियों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है। गणपति समूह की संचालक सुनीता बसंल ने बताया कि केंद्र 12 स्टॉल संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें आजीविका, रचना, नवचेतना और उपासना आदि समूह की महिलाएं शामिल हैं। बताया कि यात्रियों को पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद खूब पंसद आ रहा है। स्टॉल में सुलोचना थपलियाल, जसोदा, माधुरी, मोनिका मित्तल, मधु पुरोहित, मंजू ठाकुर आदि व्यंजन तैयार कर यात्रियों को परोस रहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *