दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा सांसद अजय भट्ट ने मामले में दिल्ली पुलिस और सीएम रेखा गुप्ता से अपील की है। सांसद अनिल बलूनी और सांसद त्रिवेंद्र रावत ने भी दिल्ली पुलिस कमिश्नर से केशव नेगी का पक्ष सुनने की अपील की है। दिल्ली अग्निकांड में 22 लोगों की जलकर मौत हो गई थी।
भाजपा सांसदों अनिल बलूनी और त्रिवेंद्र रावत ने केशव नेगी को निर्दोष बताते हुए उनका पक्ष सुनने का अनुरोध किया। दिल्ली पुलिस कमिश्नर को सौंपे पत्र में राज्य के दोनों सांसदों ने कहा कि केशव नेगी बेकसूर प्रतीत हो रहे हैं। उनका पक्ष सुने जाने की जरूरत है। सांसदों ने कहा कि केशव के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
दिल्ली पुलिस निष्पक्ष जांच करे
पुलिस को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने सोमवार को केशव नेगी के परिवार से मुलाकात भी की। उन्होंने केशव नेगी की पत्नी और बेटी को आश्वासन दिया कि न्याय की इस लड़ाई में वे उनके साथ खड़े हैं और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
सांसद अजय भट्ट ने की दिल्ली की सीएम से बात
हल्द्वानी। दिल्ली अग्निकांड मामले में सांसद अजय भट्ट ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से फोन पर वार्ता की। सांसद ने मामले की निष्पक्ष जांच का आग्रह किया है। भट्ट के साथ बातचीत के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया कि मामले की तथ्यों, साक्ष्यों और विधिक प्रक्रिया के आधार पर की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
कांग्रेस बोली- केशव नेगी के साथ खड़े हैं
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिल्ली अग्निकांड में गिरफ्तार किए गए शेफ केशव नेगी के गांव जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि केशव की हरसंभव मदद की जाएगी। इस मामले में जरूरत पड़ने पर केशव की कानूनी रूप से भी मदद की जाएगी।
पौड़ी के थलीसैंण ब्लाक के रिखोली गांव निवासी केशव नेगी को दिल्ली अग्निकांड में गिरफ्तार किया गया है। केशव की गिरफ्तारी के बाद सियासी घमासान मचा हुआ है। सोशल मीडिया में भी लोग केशव नेगी की गिरफ्तारी पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

