मॉनसून के बढ़ते इंतजार के बीच उत्तराखंड में 6 दिन भारी बारिश का अलर्ट; 2 जिलों में सूखा

 उत्तराखंड में इस साल मॉनसून देरी से आएगा। पहले मानसून के दस्तक की तारीख 22 से 25 जून के बीच थी। मौसम विभाग ने अब नई भविष्यवाणी में कहा है कि तेज बौंछारों का दौर जून से आखिरी सप्ताह से शुरू हो जाएगा। हालांकि मॉनसून के नए अपडेट से घबराने की जरूरत नहीं, क्योंकि मैदानी इलाकों को तेज तपिश से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 जून तक दो मैदानी जिलों को छोड़कर प्रदेश के बाकी हिस्सों में हल्की और मध्यम बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने हिमालयी राज्य उत्तराखंड के लिए आगामी 25 जून तक का मौसम अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन 6 दिनों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले को छोड़कर बाकी राज्यों में झमाझम बारिश की संभावना है। हालांकि देहरादून शहर के कई इलाकों में लोग तेज तपिश का सामना कर रहे हैं।

कहां-कहां बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों में गर्जन के साथ तेज बारिश भी हो सकती है। वहीं, 4200 मीटर से ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी की संभावना है।

इसी तरह 21 से 25 जून तक भी बारिश का सिलसिला बना रहेगा। इस दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में तेज बारिश का अलर्ट है। राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हालांकि 21 जून से 25 जून के बीच सिर्फ हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क बना रहेगा।

नैनीताल में बरसे बादल

नैनीताल। सरोवर नगरी में शुक्रवार को सुबह से दोपहर तक चटक धूप खिली रही। दोपहर दो बजे के बाद अचानक तेज हवाओं के साथ करीब दो घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। जिला मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को नैनीताल का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर में हुई बारिश के चलते शाम होते-होते मौसम सुहावना हो गया। अचानक हुई तेज बारिश से शहर की रफ्तार थम सी गई। माल रोड पर घूम रहे पर्यटक बारिश से बचने को पंत पार्क के फड़ों पर लगे तिरपाल के नीचे शरण लेते नजर आए।

भूस्खलन से नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे 20 मिनट बाधित

नैनीताल। तेज बारिश के बीच शुक्रवार को नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन होने से करीब 20 मिनट यातायात बाधित रहा। एनएच के सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल ने बताया, हनुमानगढ़ी के समीप तीन मूर्ति के पास अचानक पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गया। जिस कारण मार्ग पूरी बंद हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर एनएच की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से तत्काल मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। करीब 20 मिनट के बाद सड़क से मलबा हटा दिया गया और यातायात सुचारु रूप से संचालित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *