टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे (एनएच-9) पर बाराकोट में शुक्रवार को एक कार 250 मीटर खाई में गिर गई। हादसे में कार स्वामी सीआरपीएफ जवान और ड्राइवर की मौत हो गई। जबकि जवान की पत्नी और दो बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार में आग लग गई। और दरवाजा बंद होने से अंदर फंसे जवान का बुरी तरह जला शव मिला।
जिला आपदा नियंत्रण केंद्र के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर पौने एक बजे मरोड़ाखान से दो किमी आगे बंतोली गांव के पास एक टाटा पंच कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। खाई में गिरने के बाद कार में धमाके के साथ आग लग गई। सूचना पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। खाई कार स्वामी 34 वर्षीय सीआरपीएफ जवान बलदेव कुमार पुत्र क्षीम राम निवासी ननकोड़ा कनालीछीना जलती कार में फंस गए और अंदर से उनका जला शव मिला।
ड्राइवर कार से छटका, लेकिन जिंदा नहीं बचा
कार 48 वर्षीय राजेंद्र कुमार पुत्र लक्ष्मी राम निवासी अतेड़ा चर्मा डीडीहाट चला रहे थे। राजेंद्र कार से बाहर छिटक गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच पाई। कार सवार आईटीबीपी जवान बलदेव की पत्नी 31 वर्षीय नीतू देवी, उनकी आठ वर्षीय बेटी अक्षिता और पांच वर्षीय बेटे आरव गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को लोहाघाट अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों कार से बाहर छिटक गए थे। एसपी रेखा यादव ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बलदेव सीआरपीएफ काठगोदाम में तैनात थे।
दो क्रश बैरियर के बीच से गहरी खाई में समाई कार
लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंतोली के पास शुक्रवार को हुई कार दुर्घटना में वाहन दो क्रश बैरियरों के बीच बने खाली हिस्से से होकर गहरी खाई में जा गिरा। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जिस स्थान से वाहन खाई में गिरा, वहां दोनों ओर लगे क्रश बैरियरों के बीच करीब छह मीटर का गैप था। मरोड़ाखान से करीब दो किलोमीटर आगे बंतोली के समीप काठगोदाम-हल्द्वानी से कनालीछीना की ओर जा रही कार करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे और उनकी मां घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना स्थल पर राष्ट्रीय राजमार्ग काफी चौड़ा है और अधिकांश हिस्से में क्रश बैरियर भी लगे हैं। हालांकि जिस स्थान से वाहन नीचे गिरा, वहां एक ओर क्रश बैरियर समाप्त हो रहा था और दूसरी ओर शुरू हो रहा था। दोनों के बीच का हिस्सा खुला हुआ था। बताया गया कि सड़क का किनारा भी कुछ स्थानों पर हल्का धंसा हुआ था। प्रभारी थाना निरीक्षक कुंदन बोहरा ने बताया कि वाहन जिस स्थान से खाई में गिरा, वहां दो क्रश बैरियरों के बीच करीब छह मीटर का गैप पाया गया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
दुर्घटना में घायल पांच वर्षीय आरव को रेस्क्यू कर खाई से बाहर निकाला गया। संयोगवश उस समय एक आर्मी एंबुलेंस बरेली की ओर जा रही थी, जिसने बच्चे को तत्काल उपजिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया। अन्य घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर, परिजन लोहाघाट अस्पताल से घायलों को हल्द्वानी के लिए रेफर कर ले गए।
हादसे में दो मौत की सूचना पर गांव में मचा कोहराम
पिथौरागढ़। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पिथौरागढ़ जिले के ननकुडी निवासी बलदेव कुमार, जो हल्द्वानी में सीआरपीएफ में तैनात थे, सड़क दुर्घटना में असमय काल का ग्रास बन गए। बताया गया कि बलदेव ने कुछ समय पूर्व ही नई कार खरीदी थी और अपनी पत्नी नीतू देवी, बेटे आरव तथा बेटी अक्षिता के साथ गांव आने की योजना बनाई थी।

