अच्छी खबरः AIIMS में उत्तराखंड के लोगों के लिए विशेष काउंटर, क्या-क्या सुविधाएं

एम्स ऋषिकेश में अब उत्तराखंड के नागरिकों के लिए अलग से विशेष काउंटर खोला गया है। इस काउंटर पर ओपीडी पंजीकरण, बिलिंग, डिस्चार्ज एवं ओपीडी से संबंधित सेवाएं उपलब्ध होंगी।

बुधवार को एम्स ऋषिकेश में कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें एम्स निदेशक प्रो. मीनू सिंह और स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर नवीन एकीकृत ओपीडी काउंटर का लोकार्पण किया। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रीय जनता को स्वास्थ्य सेवाओं में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए वे लंबे समय से इस सुविधा को प्रारंभ कराने के लिए प्रयासरत थे।

उन्होंने कहा कि इस दिशा में एम्स प्रशासन के उच्च अधिकारियों के साथ निरंतर पत्राचार एवं संवाद किया गया, जिसके परिणामस्वरूप आज यह सुविधा साकार रूप में जनता को समर्पित हो सकी है। उन्होंने एम्स प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।

विधायक ने कहा कि इस आधुनिक सुविधा के प्रारंभ होने से अब उत्तराखंड के मरीजों को एक ही काउंटर पर ओपीडी पंजीकरण, बिलिंग, डिस्चार्ज एवं आईपीडी से संबंधित सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि मरीजों और उनके परिजनों को विभिन्न काउंटरों के बीच भटकने की परेशानी से भी राहत मिलेगी।

पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ

नए काउंटर से विशेष रूप से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले मरीजों व उनके परिजनों को राहत मिलेगी। ओपीडी पंजीकरण, बिलिंग, आईपीडी और डिस्चार्ज जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से समय बचेगा और अनावश्यक भागदौड़ खत्म होगी।

परेड मैदान और गांधी पार्क बनेगा ग्रीन स्पेस

देहरादून। शहर में परेड मैदान और गांधी पार्क को जोड़ते हुए बड़ा ओपन ग्रीन पार्क विकसित करने की तैयारी है। बुधवार को सचिवालय में परेड ग्राउंड और सचिवालय भूमिगत पार्किंग परियोजना की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परेड ग्राउंड में भूमिगत पार्किंग के साथ परेड मैदान और गांधी पार्क को जोड़कर बड़ा खुला हरित क्षेत्र विकसित किया जाए। इसमें किसी प्रकार का नया पक्का निर्माण नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह शहर की आवश्यकता भी है कि लोगों को एक बड़ा ओपन स्पेस ग्रीन पार्क मिले। इसके लिए सभी पक्षों से अनिवार्य रूप से विचार-विमर्श किया जाए। इस ग्रीन पार्क को बहुआयामी रूप में तैयार किया जाना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *