नैनी-दून एक्सप्रेस के फेरे हुए कम, हफ्ते में 5 दिन ही चलेगी, पूरा शेड्यूल

रेलवे ने काठगोदाम-दून एक्सप्रेस(नैनी-दून एक्सप्रेस) के संचालन दिवसों में संशोधन किया है, जबकि नई चलाई जाने वाली रामनगर-देहरादून द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस पूर्व निर्धारित दिवसों पर नियमित संचालित होगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, काठगोदाम-देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस (12092/12091) अब 3 अगस्त 2026 से प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को संचालित होगी। यानी यह ट्रेन अब बुधवार और शुक्रवार को नहीं चलेगी।

पूरा शेड्यूल

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन का समय, मार्ग और कोच संरचना पहले की तरह ही रहेगा। वहीं रामनगर-देहरादून-रामनगर द्वि-साप्ताहिक (15310/15309) का नियमित संचालन 5 अगस्त 2026 से शुरू होगा। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर काशीपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए दोपहर 12:40 बजे दून पहुंचेगी। वापसी में देहरादून से दोपहर 3:55 बजे रवाना होगी और रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। इनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान, एसी द्वितीय, एसी तृतीय, एसी चेयरकार, सामान्य चेयरकार, लगेज कोच शामिल रहेंगे।

नैनीताल में विकसित होंगे बर्ड ट्रेल और ट्रैकिंग रूट

जिला पर्यटन विकास विभाग जिले में पर्यटन को नए आयाम देने की तैयारी में जुट गया है। विभाग का फोकस भीड़भाड़ वाले पर्यटन स्थलों के साथ-साथ ऐतिहासिक और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर अनछुए क्षेत्रों को पर्यटन मानचित्र पर लाने पर रहेगा।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या ने बताया कि जिले में जल्द ही बर्ड ट्रेल और नए ट्रैकिंग रूट विकसित किए जाएंगे। पक्षी प्रेमियों के लिए विशेष बर्ड वॉचिंग ट्रेल तैयार किए जाएंगे, जबकि साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नए ट्रैकिंग मार्ग भी विकसित होंगे। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक महत्व वाले अनछुए पर्यटन स्थलों को चिन्हित कर वहां मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही पर्यटन विभाग की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाकर स्थानीय लोगों को होम-स्टे, गाइड और अन्य पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

ड्राइवर न मिलने से जयपुर की एसी स्लीपर बस सेवा दिल्ली डायवर्ट की

काठगोदाम डिपो से प्रतिदिन शाम पांच बजे जयपुर के लिए संचालित होने वाली एसी स्लीपर बस सोमवार को चालक उपलब्ध न होने के कारण अपने निर्धारित रूट पर रवाना नहीं हो सकी।

बाद में बस को दोपहर दो बजे दिल्ली रूट पर संचालित कर दिया गया। बताया कि चालक की अनुपलब्धता के कारण जयपुर सेवा रद्द करनी पड़ी। टिकट बुक करा चुके यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। काठगोदाम डिपो के एआरएम गणेश पंत ने अनुबंधित सेवा प्रदाता को पत्र जारी कर कड़ी नाराजगी जताई है। कहा कि चालक उपलब्ध न होने के कारण बस सेवा प्रभावित होना गंभीर लापरवाही है। चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति हुई तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *