नगर क्षेत्र में सीवर और बिजली की भूमिगत लाइनों की वजह से सड़कों की खुदाई पर कुछ लोगों की आपत्तियों का मेयर शंभू पासवान ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि यह परेशानी कुछ दिन की है, लेकिन राहत वर्षों की है। विकास कार्यों में स्थानीय लोगों से भी मेयर ने सहयोग की अपील भी की है।
सीवर और बिजली लाइनों का काम
सोमवार को नगर निगम कार्यालय में मेयर शंभू पासवान ने प्रेसवार्ता की। बताया कि सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से सड़कों की खुदाई को लेकर कुछ लोगों की आपत्तियां सामने आई हैं। बताया कि वर्षों पुरानी सीवर लाइनों की जगह नई व अधिक क्षमता की लाइनें शहर में बिछ रही हैं। इससे सीवर ओवरफ्लो की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। जबकि, बिजली की लाइनों के भी भूमिगत होने से हादसों का खतरा कम होगा। सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर खुली तारों का जंजाल भी नहीं दिखेगा। मेयर ने कहा कि नगर क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रहे हैं। इनमें से ही एक यह सीवर और बिजली की लाइनों का भी काम है, जिसपर करोड़ों रूपये सरकार स्थानीय लोगों की राहत के लिए खर्च कर रही है। इन योजनाओं का दूरगामी लाभ है, जिसमें लोगों को सहयोग करने की जरूरत है। कहा कि सड़कों की खुदाई से कुछ दिनों की परेशानी हो सकती है, मगर इसका फायदा वर्षों तक लोगों को मिलेगा। वार्ता में नगर आयुक्त विजयनाथ शुक्ला, ईई अनिल नेगी आदि मौजूद रहे।
कर्मचारियों को ईपीएफ की सौगात
72 कर्मियों को मिली दीपावली की सौगात
नगर निगम के 72 कर्मचारियों को दीपावली की सौगात मिली है। उन्हें वर्ष 2018 से अभी तक रुका एक करोड़ 13 लाख रुपये का ईपीएफ जारी कर दिया गया है। इससे कर्मचारियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली है। यह कर्मचारी निगम में मोहल्ला स्वच्छता समितियों में तैनात हैं। मेयर ने बताया कि न सिर्फ शहर और नागरिक, बल्कि कर्मचारियों के हितों को लेकर भी काम कर रहे हैं, जिसका ही परिणाम है कि कर्मचारियों के बैंक खातों तक निगम के माध्यम से ईपीएफ की रकम पहुंचाई गई है।
