उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास आज डबरानी की ओर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी। अब तक चार शवों को बाहर निकाला जा चुका है। बाकी यात्रियों की तलाश की जा रही है। कार में सवार सभी यात्री गुजरात के बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू टीमों ने अब तक नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद किए हैं। वाहन में सवार अन्य संभावित यात्रियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
नदी के तेज बहाव में चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन
हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर राहत एवं बचाव दल सक्रिय हो गए। स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। नदी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू अभियान में चुनौतियां आ रही हैं। जल पुलिस और गोताखोर नदी में संभावित यात्रियों की तलाश कर रहे हैं।
प्रशासन ने चिकित्सा दल को अलर्ट पर रखा
प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा दल को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि रेस्क्यू में मिलने वाले लोगों को तत्काल प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाया जा सके। प्रशासन प्रभावितों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रहा है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
लखनऊ की दो ट्रेकर बहनों समेत कुल चार शव बरामद
दूसरी ओर केदारताल में लापता आठ ट्रेकरों की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम ने बुधवार को दो और ट्रेकरों के शव बरामद किए। इनमें एक महिला और एक पुरुष ट्रेकर शामिल है। बीते मंगलवार को भी राहत व बचाव टीम ने बर्फ में दबे एक पुरुष और महिला ट्रेकर के शव बरामद किए थे। हादसे में मारी गई दोनों महिला ट्रेकरों की पहचान लखनऊ निवासी सगी बहनों के रूप में की गई है।
