आज के समय में मोबाइल नंबर सिर्फ कॉल करने या मैसेज भेजने के काम नहीं आता। बैंक अकाउंट, UPI पेमेंट, WhatsApp, सोशल मीडिया और कई जरूरी सेवाएं भी इसी नंबर से जुड़ी होती हैं। ऐसे में अगर आपका फोन चोरी हो जाए या सिम कार्ड कहीं खो जाए, तो परेशानी बढ़ सकती है। सबसे पहले चिंता इस बात की होती है कि अब पुराने नंबर का क्या होगा? क्या नया नंबर लेना पड़ेगा? क्या बैंक और दूसरे अकाउंट्स में भी मोबाइल नंबर बदलना होगा?
सिम कार्ड खोने पर नया मोबाइल नंबर लेने की जरूरत नहीं
अगर आपके मन में भी ऐसे सवाल हैं तो राहत की बात यह है कि सिम कार्ड खोने पर आपको नया मोबाइल नंबर लेने की जरूरत नहीं होती। Jio, Airtel, Vi और BSNL जैसी टेलीकॉम कंपनियां पुराने नंबर पर ही दूसरा सिम कार्ड जारी करती हैं। इसे डुप्लीकेट या रिप्लेसमेंट SIM कहा जाता है।
सिम खोने पर सबसे पहले करें ये काम
मोबाइल फोन के साथ सिम कार्ड भी खो गया है तो सबसे पहले उसे ब्लॉक करवाएं। ऐसा इसलिए जरूरी है क्योंकि अगर सिम किसी गलत व्यक्ति के हाथ लग गया तो वह आपके नंबर का इस्तेमाल करके कॉल कर सकता है या OTP के जरिए आपके कुछ अकाउंट्स तक पहुंचने की कोशिश कर सकता है। इसके लिए आप किसी दूसरे मोबाइल नंबर से अपनी टेलीकॉम कंपनी के कस्टमर केयर पर कॉल कर सकते हैं। कंपनी के स्टोर पर जाकर भी सिम बंद करवाने की रिक्वेस्ट दे सकते हैं।
Jio यूजर्स पुराने नंबर पर नया SIM कैसे लें
Step 1: सबसे पहले किसी दूसरे नंबर से 1800-889-9999 पर कॉल करके अपना खोया हुआ Jio सिम अस्थायी रूप से बंद करवाएं। इसके बाद नजदीकी Jio Store पर जाएं। वहां कर्मचारी को बताएं कि आपका फोन या सिम खो गया है और आपको पुराने नंबर पर नया सिम चाहिए। अपना पुराना मोबाइल नंबर बताएं और पहचान की डिटेल्स जैसे आधार कार्ड या कोई आईडी प्रूफ दें। प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपको नया सिम दे दिया जाएगा।
Airtel का SIM खो जाए तो क्या करें?
किसी दूसरे मोबाइल नंबर से Airtel कस्टमर केयर पर कॉल करें। अपना मोबाइल नंबर बताकर सिम खोने की शिकायत दर्ज करवाएं। पुराने सिम को तुरंत ब्लॉक करवाएं। इसके बाद नजदीकी Airtel Store पर जाएं। अपना ओरिजिनल पहचान पत्र और जरूरत पड़ने पर पुलिस शिकायत की कॉपी साथ लेकर जाएं। पहचान की जांच पूरी होने के बाद उसी नंबर का नया सिम मांगें।
Vi यूजर्स को पुराने नंबर पर दूसरा SIM कैसे मिलेगा
सबसे पहले Vi की वेबसाइट पर जाकर SIM Blocking सुविधा खोलें। अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें। रजिस्टर्ड दूसरे मोबाइल नंबर या ईमेल पर आए OTP के जरिए रिक्वेस्ट वेरिफाई करें। सिम ब्लॉक होने के बाद नजदीकी Vi Store पर जाएं। वहां पुराने नंबर पर रिप्लेसमेंट सिम की मांग करें। अपना पहचान पत्र और जरूरी जानकारी देकर वेरिफिकेशन पूरा करें।
नया सिम लेने के लिए चाहिए होंगे ये जरूरी डॉक्यूमेंट्स
सिम खोने के बाद उसी नंबर का दूसरा सिम लेने के लिए आपको अपनी पहचान साबित करनी होगी। आप अपने साथ ये डॉक्यूमेंट्स रख सकते हैं: – आधार कार्ड – वोटर आईडी कार्ड – पासपोर्ट – जरूरत पड़ने पर पुलिस शिकायत की कॉप – पुराने मोबाइल नंबर की जानकारी
