श्रीनगर गढ़वाल में प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी एवं विकास प्रदर्शनी मेले का सोमवार को रंगारंग आगाज हुआ। मेले के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पहुंचने पर लोगों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रिबन काटकर मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर सीएम ने कहा कि श्रीनगर में साइंस सिंटी बनाई जाएगी और देहरादून के लिए हेली सेवा शुरू की जाएगी। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की जानकारी ली। पहाड़ की पारंपरिक संस्कृति से जुड़ाव प्रदर्शित करते हुए उन्होंने सिलबट्टे पर नमक भी पीसा।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव का स्मरण करते हुए कहा कि इस पावन धरा पर पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है। अलकनंदा के तट पर बसी श्रीनगर नगरी का धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक इतिहास गौरवशाली रहा है। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि ने इस नगर को देशभर में विशिष्ट पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत के संरक्षण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है।
आधुनिक घाटों का निर्माण किया जाएगा
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि श्रीनगर में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से साइंस सिटी विकसित की जाएगी। इसके साथ ही विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों का निर्माण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। धारी देवी मंदिर के समीप भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा। कहा कि धारी देवी मंदिर के समीप भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित होगा।
नौ करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण
सीएम ने बताया कि निगम क्षेत्र में नौ करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन शामिल है।
कमलेश्वर मंदिर में सीएम धामी ने की पूजा-अर्चना
मेले के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सिद्धपीठ कमलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर में महंत श्री 108 आशुतोष पुरी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। मुख्यमंत्री ने मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया।
आंगनबाड़ी-आशा वर्कर का मानदेय बढ़ेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर से वृद्धि की जाएगी। उन्होंने बताया कि कहा कि बैणी भुली योजना के लाभार्थियों को दो किश्तों में भुगतान किया जाएगा। सरकार मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित डाक आवरण का विमोचन भी किया। मौके पर देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, महापौर आरती भंडारी, जिपं अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिपं अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, डीएम पौड़ी, एसएसपी, सीडीओ अशोक जोशी मौजूद रहे।
बेस में 25 करोड़ से बना क्रिटिकल केयर ब्लॉक
श्रीनगर। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेस अस्पताल श्रीनगर में 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। इससे क्षेत्र के मरीजों को गंभीर बीमारियों के उपचार में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
हेली सेवा की तैयारी
श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू की जाएगी। इससे पर्यटन के साथ आपातकालीन सेवाओं को भी लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने और बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की भी घोषणा की।
खड़े दीये अनुष्ठान में 145 दंपति हुए शामिल
बैकुण्ठ चतुर्दशी पर्व पर संतान प्राप्ति के लिए सिद्धपीठ कमलेश्वर महादेव मंदिर में 145 दंपती खड़ा दीए अनुष्ठान में शामिल हुए।परिवार की सुख समृद्धि की कामना के लिए शहर और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालु कमलेश्वर मंदिर में पहुंचे। श्रद्धालु मंदिर में दीप प्रज्वलन करने के लिए सुबह से ही लंबी कतार में खडे दिखे। श्रद्धालु यहां पूरे वर्ष भर के लिए 365 बत्तियां प्रज्वलित कर सुख शांति की कामना करते हैं।
सोमवार को गोधूलि बेला से अनुष्ठान शुरू हुआ। अनुष्ठान के लिए 208 से अधिक दंपतियों ने पंजीकरण करवाया था। गत वर्ष 190 से अधिक दंपती अनुष्ठान में शामिल हुए। रविवार शाम गोधुलि वेला साढ़े पांच बजे कमलेश्वर मंदिर के महंत आशुतोष पुरी ने दीपक जलाकर खड़ा दीया अनुष्ठान का शुभारंभ किया। महिलाओं के कमर में एक कपड़े में जुड़वा नींबू, श्रीफल, पंचमेवा एवं चावल की पोटली बांधी गई। तत्पश्चात महंत ने सभी दंपतियों के हाथ में दीपक रखते हुए पूजा अर्चना की। दंपति रातभर हाथ में जलते दीपक लेकर भगवान भगवान शिव की पूजा करेंगे। मंगलवार सुबह स्नान के बाद महंत दंपतियों को आशीर्वाद देकर पूजा संपन्न करेंगे। ऐसा विश्वास है कि खड़ा दीया अनुष्ठान करने से संतान प्राप्ति होती है। अनुष्ठान में शामिल होने के लिए उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, पूना, आंध्र एंव विदेश से यहां दंपति पहुंचे हैं। मंदिर में कमलेश्वर महादेव के दर्शन करने वाले और बाती चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं की लगभग डेढ़ सौ मीटर लंबी कतार लग गई। इसके साथ ही बैकुंठ चतुर्दशी के पर्व पर कमलेश्वर मंदिर में रुई की 365 बाती चढ़ाने का मेला शुरू हो गया।
यह है मान्यता
पौराणिक ग्रंथों के अनुसार, देवता दानवों से पराजित हो गए। तब वह भगवान विष्णु की शरण में गए। दानवों पर विजय प्राप्त करने के लिए भगवान विष्णु यहां भगवान शिव की तपस्या करने आए। पूजा के दौरान वह शिव सहस्रनाम के अनुसार शिवजी के नाम का उच्चारण कर सहस्र (एक हजार) कमलों को एक-एक करके शिवलिंग पर चढ़ाने लगे।विष्णु की परीक्षा लेने के लिए शिव ने एक कमल पुष्प छिपा लिया। एक कमल पुष्प कम होने से यज्ञ में कोई बाधा न पड़े, इसके लिए भगवान विष्णु ने अपना एक नेत्र निकालकर अर्पित करने का संकल्प लिया। इससे प्रसन्न होकर भगवान शिव ने भगवान विष्णु को अमोघ सुदर्शन चक्र दिया। जिससे उन्होंने राक्षसों का विनाश किया।सहस्र कमल चढ़ाने की वजह से इस मंदिर को कमलेश्वर महादेव मंदिर कहा जाने लगा। इस पूजा को एक निसंतान ऋषि दंपती देख रहे थे। मां पर्वती के अनुरोध पर शिव ने उन्हे संतान प्राप्ति का वर दिया।
