हरिपुरकलां में सोमवार देर रात पार्किंग विवाद को लेकर प्रॉपटी डीलर ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से भाई-बहन पर फायर झोंक दिया। हालांकि दोनों की जान बाल-बाल बच गई। एक गोली एक बरामदे की दीवार में लगी, जबकि दूसरी गोली कार के डिग्गी को चीरते हुए पार हो गई। इस वारदात से आसपास के लोग भी दशहत में आ गए। इस मामले में केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रायवाला पुलिस के मुताबिक पीड़ित शिवम लिंगवाल पुत्र नंदलाल निवासी इंटर कॉलेज रोड, हरिपुरकलां ने तहरीर दी। बताया कि नजदीक रहने वाला प्रॉपर्टी धर्मपाल उर्फ मुन्ना घर के सामने आया। वहां खड़ी बाइक और पड़ोसी भास्कर की कार को लात मारने लगा। गाड़ियां हटाने के लिए कहते हुए बदसलूकी की, तो शिवम और उसकी बहन ने विरोध किया। गुस्से में आकर धर्मपाल ने उन पर लाइसेंसी रिवाल्वर तान दी। धर्मपाल यही नहीं रुका। गुस्से में आकर उसने दोनों पर फायरिंग कर दी, जिसमें बामुश्किल शिवम और उसकी बहन ने जान बचाई। नामजद तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार सुबह आरोपी धर्मपाल उर्फ मुन्ना पुत्र प्रेम सिंह निवासी इंटर कॉलेज रोड, हरिपुरकलां को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। एसएसआई विनोद कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
फायरिंग के बाद पुलिस की कार्रवाई
चार खोखे बरामद, रिवाल्वर जब्त
-फायरिंग की सूचना मिलने से रायवाला पुलिस में भी हड़कंप की स्थिति दिखी। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची, तो फायरिग कर आरोपी प्रॉपर्टी डीलर जा चुका था। घटनास्थल की जांच में पुलिस को चार खोखे बरामद किए हैं। आरोपी की लाइसेंसी रिवाल्वर को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के लाइसेंस को निरस्त करने की संस्तुति करने की तैयारी में है।
फायरिंग से ग्रामीणों में दहशत
दशहत में घरों की छत पर चढ़ गए पड़ोसी
फायरिंग होते ही शिवम के पड़ोसियों में भी अफरा-तफरी फैल गई। वह भी गालियों के डर से घरों की छत पर चढ़ गए। रातभर लोगों को चैन की नींद नहीं आई। गोलीबारी से उन्हें सुरक्षा का खतरा बना रहा। वहीं, इस दुस्साहिक वारदात से रात भर पूरे हरिपुरकलां गांव में सनसनी फैल रही। मंगलवार सुबह आरोपी की गिरफ्तारी होने पर लोगों ने सुकून महसूस किया।
