Uttarakhand- आंधी-बारिश से फसल बर्बाद, पेड़ों में लगे फल गिरे

शहर में रविवार को तेज आधी के साथ जमकर बारिश हुई। सड़कों पर जलभराव हो गया। खेतों में गेहूं की फसल काटकर रखे किसानों को काफी नुकसान हुआ है। आम और लीची के पेड़ों पर लगे फल भी गिर गए हैं। खराब मौसम के कारण फ्लाइटों को डायवर्ट करना पड़ा। तेज हवा के कारण शहर और आसपास क्षेत्र में एक घंटे बिजली गुल रही। लालतप्पड़ क्षेत्र में 33 केवी लाइन पर एक पेड़ गिर गया। रविवार को दोपहर बाद मौसम ने करवट ले ली। चार बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बिजली भी कड़कने लगी। इस कारण शहर और आसपास क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। करीब एक घंटे बाद आपूर्ति बहाल हुई। बारिश के कारण पुरानी सब्जी मंडी में जलभराव हो गया। देहरादून रोड पर नाली का पानी सड़क पर बहता रहा। तेज आंधी के कारण श्यामपुर, छिद्दरवाला, मोतीचूर क्षेत्र में आम और लीची के फल गिर गए। जिन किसानों ने खेतों में गेहूं काटकर छोड़ दिया था उनकी फसल भीग गई। कुछ किसान के खेतों में भूसा भीग गया। छिद्दरवाला के किसान बलबिंदर सिंह ने बताया कि यह बारिश किसानों के लिए परेशानी लेकर आई। जिन किसानों की गेहूं की फसल काटी गई थी वह गेहूं काला पड़ जाएगा। भूसा खराब हो गया। आम और लीची की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। डोईवाला के किसान रणजोध सिंह ने बताया कि बीते दिनों भी बारिश से खेत में फसल भीग गई थी। अभी वह सूखी भी नहीं थी कि फिर से बारिश हो गई। यदि धूप नहीं हुई तो गेहूं का दाना काला पड़ जाएगा। कृषि विशेषज्ञ डीएस असवाल ने बताया कि अधिक बारिश से कटी फसल पर प्रभाव पड़ेगा। उधर, तेज हवा और बारिश के चलते चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में टेंट के अंदर पानी भर गया। कूड़ेदान और कुर्सियां हवा में उड़कर अस्त-व्यस्त हो गईं। बारिश कम होने के बाद कैंप में तैनात सफाई कर्मचारियों ने साफ-सफाई कर कुर्सी और कूड़ेदान को एकत्रित किया। एयरपोर्ट पर 8.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जबकि अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *