भारतीय ग्रामोत्थान संस्था में ‘यंग आर्टिस्ट कॉम्पीटीशन’ का आयोजन, महिला सशक्तिकरण और ग्लोबल वार्मिंग पर बच्चों ने प्रस्तुत की चित्रकला

बुधवार को ढालवाला स्थित भारतीय ग्रामोत्थान संस्था में चित्रकला प्रतियोगिता ‘यंग आर्टिस्ट कॉम्पीटीशन’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में संस्था में कार्यरत महिलाओं के बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता की थीम “महिला सशक्तिकरण” और “ग्लोबल वार्मिंग” थी, जिसमें बच्चों ने समाज से जुड़े इन दो अहम विषयों को अपने चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता में गायत्री पंवार और पूनम सेमवाल ने उत्कृष्ट चित्र बनाकर प्रथम पुरस्कार हासिल किया। इनके चित्रों में महिलाओं की भूमिका, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता को सरलता से दर्शाया गया। अन्य बच्चों ने भी इन विषयों पर प्रभावशाली चित्र बनाकर अपनी सोच और जागरूकता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तराखंड बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्षा डा. गीता खन्ना रहीं। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों को देखा और सभी प्रतिभागियों से बातचीत की। उन्होंने कहा, “बच्चों की रचनात्मकता और उनकी सोच को देखकर खुशी हुई। बच्चों में इन मुद्दों के प्रति समझ और संवेदनशीलता देखना सराहनीय है।” उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को इस तरह की गतिविधियों में भाग लेने के अधिक अवसर मिलने चाहिए ताकि वे अपने विचार स्वतंत्र रूप से व्यक्त कर सकें।

संस्था की अध्यक्षा श्रीमती गीता चंदोला ने बताया कि संस्था विगत दो वर्षों से वहां कार्यरत महिलाओं के बच्चों को निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा प्रदान कर रही है। साथ ही बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए छात्रवृत्ति भी दी जाती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर कला, खेल, योग और अन्य शैक्षिक गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मकता को बढ़ावा देना है।

संस्था के प्रभारी श्री अनिल चंदोला ने कहा कि संस्था में काम करने वाली महिलाओं के बच्चों का भविष्य संस्था की जिम्मेदारी है, संस्था का प्रयास रहता है कि बच्चों को शिक्षा देने के साथ साथ हम ऐसी गतिविधिया भी आयोजित करते रहे जिससे बच्चों की पढ़ाई और खेलकूद में रुचि बनी रहे, ये कला प्रतियोगिता भी ऐसी ही गतिविधि का अहम हिस्सा है। संस्था भविष्य में भी बच्चों के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में संस्था के जनसंपर्क अधिकारी श्री नरेन्द्र कुकशाल, संस्था के प्रभारी श्री अनिल चंदोला, टीचर नेहा पंवार, श्री विनोद कपरूवान, अंकित रावत, वेद प्रकाश तिवारी, रजनी उनियाल, मधू चौहान, कमली पंवार आदि संस्था के शिक्षक, कर्मचारी और अभिभावक भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *