जूट रिसोर्स कम प्रोडक्शन सेंटर (JRCPC) के अंतर्गत भारतीय ग्रामोथान संस्था, ढालवाला ऋषिकेश में आयोजित 14 दिवसीय जूट वूलाइजेशन डिज़ाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 3 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक संचालित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय ग्रामोथान संस्था द्वारा किया गया तथा इसे National Jute Board, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को जूट वूलाइजेशन व डिज़ाइन की उन्नत तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान देकर उन्हें स्वरोज़गार एवं उत्पादन कार्यों से जोड़ना रहा।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री चंद्रकांतभट्ट जी (सहायक नगर आयुक्त), नगर निगम ऋषिकेश उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में एस.एस नेगी (सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी) भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्षा श्रीमती गीता चंदोला ,संस्था के इंचार्ज श्री अनिल चंदोला, तथा पीआरओ श्री नरेंद्र प्रसाद कुकसाल (एन.पी. कुकसाल) भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का संचालन कोलकाता से आए वैज्ञानिक एवं मास्टर ट्रेनर श्री अमलचंद्र ढेका द्वारा किया गया। इस अवसर पर एनआरआई अतिथि श्री दिनेश गोयल भी मौजूद रहे।

इंचार्ज अनिल चंदोला ने अपने संबोधन में प्रायोजक संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्लेटफॉर्म लगातार मिलते रहने चाहिए, जिससे महिलाओं को कौशल और रोजगार के बेहतर अवसर मिलें और वे सशक्त बन सकें।

मुख्य अतिथि श्री चंद्रकांत भट्ट ने कहा कि नगर निगम स्तर से संस्था और महिला समूहों को यथासंभव सहयोग दिया जाएगा, ताकि महिला सशक्तिकरण के प्रयास मजबूत हों।

मास्टर ट्रेनर अमलचंद्र ढेका ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं बहुत अच्छा संसाधन हैं और भविष्य में बेहतर कार्य कर सकती हैं, बस उन्हें निरंतर सीखते रहने और अभ्यास जारी रखने की जरूरत है।एनआरआई दिनेश गोयल ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और धैर्य से ही बड़े परिणाम हासिल होते हैं।

अध्यक्षा गीता चंदोला ने कहा कि संस्था आगे भी महिलाओं के लिए इस प्रकार के तकनीकी व डिजाइन आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाती रहेगी, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं स्वरोज़गार से जुड़ सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें।


