इस बार चारधाम रूट पर दिन में भारी वाहनों की नो एंट्री, ट्रैफिक जाम पर सरकार

इस बार चारधाम रूट पर दिन के समय तीर्थयात्री और रात के समय भारी वाहन चल सकेंगे। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सरकार यह नियम लागू करने जा रही है। रोशनाबाद स्थित एआरटीओ कार्यालय में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने ग्रीन कार्ड प्रणाली के शुभारंभ के अवसर पर यह बातें कहीं। बत्रा ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान दिन के समय मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। ऐसे वाहन रात नौ बजे के बाद ही चारधाम रूट पर चल सकेंगे। जबकि, तीर्थयात्रा सुबह से रात नौ बजे तक जारी रहेगी, ताकि श्रद्धालु जाम से बचते हुए आसानी से चारधाम के दर्शन कर सकें। बत्रा ने यह भी कहा कि सरकार चारधाम यात्रा का समय भी निर्धारित करने जा रही है। इस अवसर पर एनआईसी उत्तराखंड के वरिष्ठ निदेशक हिमांशु कुमार और संयुक्त निदेशक रमन पुंडीर के योगदान को सराहा गया।

ग्रीन कार्ड के लिए नए काउंटर भी बनेंगे

हरिद्वार से चारधाम के लिए पहले दिन 11 व्यावसायिक यात्री वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी किए गए। बता दें कि, ग्रीन कार्ड उन्हीं वाहनों को मिलेगा जो तकनीकी जांच में फिट पाए जाएंगे। मंत्री प्रदीप बत्रा के अनुसार, यात्री वाहनों को समय पर ग्रीन कार्ड मुहैया कराने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में काउंटर भी बनाए जाएंगे।

चारधाम : ऋषिकेश में बने 40 ग्रीन कार्ड

ऋषिकेश। चारधाम यात्रा के लिए सोमवार से व्यावसायिक वाहनों के ग्रीन कार्ड बनने शुरू हो गए हैं। वाहनों की फिटनेस की जांच कर पहले दिन 40 ग्रीन कार्ड जारी किए गए। यात्रा के लिए व्यावसायिक वाहनों को ग्रीन कार्ड बनाना अनिवार्य है। पिछले वर्ष चारधाम यात्रा के लिए पहले दिन 13 ग्रीन कार्ड बनाए गए थे। परिवहन विभाग की ओर से वाहनों के दस्तावेज और फिटनेस आदि देखने के बाद ग्रीन कार्ड जारी किए जाते हैं।

एआरटीओ कार्यालय में हवन-यज्ञ के बाद ग्रीन कार्ड बनाने का काम शुरू हो गया। मुख्य अतिथि अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने ग्रीन कार्ड रिबन काटकर कार्ड बनाने के काम का शुभारंभ किया। पहले दिन 40 बस, ट्रैक्सी और मैक्सी वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *