चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों को ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। ऋषिकेश, विकासनगर और हरिद्वार में इस बार 69 काउंटर स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें सर्वाधिक काउंटर ऋषिकेश में हैं। मोबाइल रजिस्ट्रेशन टीमें भी बुजुर्ग यात्रियों की सुविधा के लिए तैनात की जा रही हैं। बुधवार को यात्रा प्रशासन संगठन के ओएसडी डॉ. प्रजापति नौटियाल ने चारधाम ट्रांजिट एवं पंजीकरण में काउंटरों का जायजा लिया। उन्होंने रजिस्ट्रेशन से संबंधित एजेंसी से काउंटरों की जानकारी ली। बताया कि ट्रांजिट केंद्र, यात्रा बस अड्डा और श्रीहेमकुंड गुरुद्वारा में कुल 34 काउंटर स्थापित किए जा रहे हैं। विभिन्न शिफ्टों में रजिस्ट्रेशन के लिए करीब 120 कर्मचारियों की तैनाती भी की जा रही है।
हरिद्वार में ऋषिकुल मैदान में 20, विकासनगर स्थित सहसपुर और नया गांव में 15 काउंटर इस बार स्थापित किए जा रहे हैं।चारधाम ट्रांजिट केंद्र में पूर्व की भांति इस बार भी मोबाइल टीमें होंगी। यह टीम बुजुर्ग यात्रियों के पास जाकर मोबाइल से उनका रजिस्ट्रेशन करेंगी, जिससे कि काउंटर पर बुजुर्ग यात्रियों को खड़ा न होना पड़े। ओएसडी ने बताया कि यात्रा के लिए ट्रांजिट केंद्र में पेयजल समेत आवश्यक सुविधाओं को जुटा लिया गया है। परिसर में टैंट आदि की व्यवस्था भी दिशा-निर्देश मिलते ही कर दी जाएगी। मालूम हो कि, 17 अप्रैल से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन प्रारंभ हो जांएगे।

