देहरादून से मसूरी जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। दून-मसूरी मार्ग पर शिव मंदिर के पास पिछले साल आपदा में ध्वस्त पुल के स्थान पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने दूसरे बैली ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। विभाग का दावा है कि अगले 20 दिनों के भीतर पुल बनकर तैयार हो जाएगा। इससे मार्ग पर लगने वाले भारी जाम से निजात मिलेगी।
पिछले साल सितंबर में भारी बारिश और आपदा के कारण यहां स्थित मुख्य पुल ध्वस्त हो गया था। इसके बाद विभाग ने अस्थायी तौर पर एक बैली ब्रिज बनाया था। वर्तमान में वाहनों का दबाव बढ़ने और आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए एक पुल नाकाफी साबित हो रहा है। अब पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड द्वारा 40 मीटर लंबे और छह मीटर चौड़े दूसरे बैली ब्रिज का काम शुरू किया गया है। दो पुल होने से दोनों तरफ का ट्रैफिक बिना रुके चल सकेगा।
स्थाई पुल के लिए चार महीने का इंतजार
बैली ब्रिज के साथ विभाग स्थाई पुल के निर्माण पर भी काम कर रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार स्थाई पुल का काम अगले चार महीनों में पूरा कर लिया जाएगा। तब तक दोनों बैली ब्रिज यातायात का मुख्य सहारा रहेंगे। चारधाम यात्रा और गर्मियों की छुट्टियों में मसूरी आने वाले सैलानियों की भारी भीड़ को देखते हुए यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जल्द पूरा होगा पुल का काम
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि जाम की समस्या को देखते हुए दूसरे बैली ब्रिज का काम तेजी से किया जा रहा है। जल्द ही इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रा सीजन के चरम पर पहुंचने से पहले यातायात व्यवस्था को सुचारु कर लिया जाएगा।

