बंगाल की तरफ आंख उठाकर भी देखा तो… राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दिलाई 1971 की याद

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को एक बार फिर तगड़ी लताड़ लगाई है। इस बार इसकी वजह पाकिस्तान की ओर से बीते दिनों आई गीदड़भभकी है। बीते दिनों पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत के खिलाफ जहर उगलते हुए कोलकाता तक घुसकर हमला करने की बात कही थी, जिसके बाद अब राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को उसकी औकात याद दिलाई है।

रक्षा मंत्री ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान को 55 साल पहले की वह घटना भूलनी नहीं चाहिए जब उसने बंगाल पर आंख उठाने की जुर्रत की थी तब कैसे वह दो टुकड़ों में बंट गया था। रक्षा मंत्री ने कहा कि इस बार पाकिस्तान ने ऐसी कोई गलती की तो अंजाम और बुरा होगा।

राजनाथ सिंह ने दिलाई 1971 की याद

मंगलवार को पश्चिम बंगाल में एक जनसभा से इतर ख्वाजा आसिफ के बयानों के बारे में पूछे जाने पर, राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री द्वारा इस तरह का बयान नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने पाकिस्तान को 1971 के युद्ध में भुगते हुए परिणामों की याद दिलाते हुए कहा, “उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि 55 साल पहले, 1971 में जब उन्होंने बंगाल की तरफ आंख उठाने की कोशिश की थी तो उसके दो टुकड़े हो गए। इस बार अगर ऐसी हरकतें की गईं तो इसका क्या परिणाम होगा यह भविष्य ही बताएगा।”

रक्षा मंत्री ने आगे पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान के डिफेंस मिनिस्टर को इस तरह का भड़काऊ बयान नहीं देना चाहिए। क्योंकि एक बार वे इसका खामियाजा भुगत चुके हैं। आज से 55 साल पहले। तब पाकिस्तान 2 टुकड़ों में बंटा था। इस बार बंगाल पर नजर उठाकर देखा तो कितने टुकड़े होंगे ये ऊपरवाला ही जानता है।”

ख्वाजा आसिफ ने दी थी गीदड़भभकी

इससे पहले पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बीते शनिवार को भारत को गीदड़भभकी दी थी। ख्वाजा आसिफ ने कहा था कि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुस्साहस की कोशिश का जवाब कोलकाता में हमले से दिया जाएगा। आसिफ ने अपने होमटाउन सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए एक बयान में कहा था, ”अगर भारत इस बार हमें जिम्मेदार ठहरा कर कोई ऑपरेशन करने की कोशिश करता है, तो हम कोलकाता तक निशाना साधेंगे।” अब राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को समझा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *