बड़ा अपडेट! अब ड्राइविंग के दौरान भी WhatsApp पर बात करें, कार की स्क्रीन पर चलेगा ऐप, आया CarPlay सपोर्ट

WhatsApp अपने यूजर्स के एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए लगातार नए फीचर्स लाता रहता है। अब कंपनी ने आईफोन यूजर्स के लिए एक और बड़ा अपडेट पेश किया है, जो खास तौर पर कार ड्राइव करने वाले लोगों के लिए है। WhatsApp ने Apple CarPlay के लिए एक नया डेडिकेटेड ऐप लॉन्च करने की घोषणा की है, जिसमें कॉलिंग सपोर्ट भी शामिल होगा। इस फीचर की मदद से यूजर्स अपनी कार की स्क्रीन से ही WhatsApp कॉल कर सकेंगे और मैसेज देख सकेंगे, बिना फोन को हाथ में लिए। यह अपडेट खासतौर पर ड्राइविंग के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, ताकि यूजर्स सड़क पर ध्यान रखते हुए भी जुड़े रह सकें।

अब तक CarPlay में WhatsApp का सीमित इस्तेमाल ही संभव था, लेकिन इस नए ऐप के जरिए इसे और आसान और एडवांस बनाया जा रहा है। इससे न सिर्फ यूजर एक्सपीरियंस बेहतर होगा, बल्कि ड्राइविंग के दौरान फोन इस्तेमाल करने का खतरा भी कम होगा।

कॉलिंग सपोर्ट से होगा ये फायदा

WhatsApp के CarPlay ऐप में कॉलिंग सपोर्ट आने से यूजर्स को ड्राइविंग के दौरान फोन हाथ में लेने की जरूरत नहीं होगी। वे सीधे कार की स्क्रीन से WhatsApp कॉल कर सकेंगे और रिसीव भी कर पाएंगे। इससे रास्ते में रुककर कॉल करने की जरूरत नहीं होगी। खास बात यह है कि यह फीचर उन लोगों के लिए बहुत काम का है जो रोजाना लंबा सफर करते हैं और लगातार जुड़े रहना चाहते हैं।

ऐसे काम करता है यह फीचर

यह फीचर Apple CarPlay के जरिए काम करेगा। जब यूजर अपना iPhone कार से कनेक्ट करेगा, तो WhatsApp ऐप कार की स्क्रीन पर दिखाई देगा। इसके बाद वॉइस कमांड या टच स्क्रीन की मदद से कॉल कर सकता है, मैसेज पढ़ सकता है और जवाब भी दे सकता है। यानी पूरा सिस्टम इस तरह डिजाइन किया गया है कि यूजर बिना फोन छुए ही आसानी से WhatsApp का इस्तेमाल कर सके।

इसमें वॉइस कंट्रोल और हैंड्स-फ्री सिस्टम दिया गया है, जिससे यूजर का ध्यान सड़क से नहीं हटता। हालांकि, फिर भी यूजर्स को सावधानी बरतनी चाहिए और सिर्फ जरूरी होने पर ही इसका इस्तेमाल करना चाहिए।

अभी इन यूजर्स को मिलेगा यह फीचर

फिलहाल यह नया WhatsApp CarPlay फीचर सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है। इसे धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है अभी यह iPhone और Apple CarPlay यूजर्स को ही मिलेगा। खासकर जो लोग लेटेस्ट iOS वर्जन और अपडेटेड WhatsApp ऐप इस्तेमाल कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *