सुबह से शाम…ऋषिकेश में हर तरफ जाम

वीकेंड पर शनिवार को ऋषिकेश में पर्यटक वाहनों के दबाव से ट्रैफिक बेपटरी हो गया। पर्यटक और चारधाम यात्रियों के दबाव के चलते ऋषिकेश के यात्रा मार्गों से लेकर मुनि की रेती और तपोवन की सड़कों पर सुबह से देर शाम तक जाम लगा रहा। इसके चलते पर्यटक और चारधाम यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। जाम में जकड़ी सड़कों के कारण स्थानीय लोगों को भी भीषण गर्मी में घरों और बाजारों तक पहुंचने के लिए घंटों जाम में जूझना पड़ा। वीकेंड पर शनिवार सुबह से ही दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत अन्य राज्यों के पर्यटक ऋषिकेश पहुंचने लगे। इसके चलते सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से यातयात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई।

पूर्वान्ह करीब 11 बजे यात्रा रूट हरिद्वार बाईपास मार्ग पर योगनगरी रेलवे स्टेशन से वाहनों की कतारें लगनी शुरू हुईं। गूगल मैप ने रूट पर जाम दिखाया तो पर्यटक वाहन नगर के आंतरिक मार्गों की तरफ दौड़ पड़े। मुनिकीरेती-तपोवन पहुंचने के लिए उन्होंने आंतरिक मार्गों से गलियों का भी रुख किया, जिससे शहर की गलियां तक पर्यटक वाहनों से पैक हो गईं। दोपहर 12 बजे बाईपास मार्ग पर जाम लगा तो पुलिस ने डायवर्जन प्लान लागू किया। हरिद्वार से ऋषिकेश जा रहे यात्री और पर्यटक वाहनों को नेपालीफार्म फ्लाईओवर से भानियावाला की तरफ डायवर्ट किया गया। वाहन भानियावाला से होते हुए जौलीग्रांट फिर रानीपोखरी होते हुए ऋषिकेश पहुंचे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *