कल शुक्रवार को बैंक बंद रहने वाले हैं। अगर आप कल 17 जुलाई को बैंक जाकर अपना कोई काम निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले जान लीजिए कि आपके राज्य में बैंक खुले हैं या नहीं। आज गुरुवार को बैंक ओडिशा, मणिपुर और उत्तराखंड में रथ यात्रा, कांग रथयात्रा और हरेला त्योहार के कारण बैंक ब्रांच नहीं खुली थी। यहां जानिये कल किन राज्यों में बैंक बंद रहेंगे और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने छुट्टी क्यों दी है।
कल शुक्रवार 17 जुलाई को क्यों बंद रहेंगे बैंक?
कल शुक्रवार को मेघालय में बैंक बंद रहेंगे। यहां सभी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा, एक्सिस, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई जैसे तमाम सरकारी और प्राइवेट सेक्टर बैंक बंद रहने वाले हैं। यहां यू तिरोत सिंग की पुण्यतिथि मनाई जाएगी। यू तिरोत सिंग 19वीं सदी की शुरुआत में मेघालय की खासी पहाड़ियों में स्थित नोंगखलाव एरिया के आदिवासी राजा थे। वह देश के शुरुआती स्वतंत्रता सेनानियों में से एक थे। जिन्होंने अंग्रेजों की गुलामी स्वीकार नहीं की। जब अंग्रेजों ने सड़क बनाने के बहाने उनकी जमीन और जंगलों पर कब्जा करना चाहा, तो तिरोत सिंग ने उनके खिलाफ जंग छेड़ दी। बंदूक और बारूद से लैस ब्रिटिश सेना के सामने उनके पास केवल पारंपरिक तीर-कमान, ढाल और तलवारें थीं, फिर भी उन्होंने जंगलों और पहाड़ों के बीच छिपकर लगभग चार साल तक अंग्रेजों की नाक में दम कर रखा था।
आज गुरुवार 16 जुलाई को इन राज्यों में बंद रहे बैंक
आज बैंक ओडिशा, मणिपुर और उत्तराखंड में बंद रहे। इन तीनों राज्यों में बैंक ब्रांच रथ यात्रा, कांग रथजात्रा और हरेला त्योहार के कारण नहीं खोली गईं। कल मेघालय में बैंक बंद रहेंगे और मेघालय के अलावा देश के बाकी राज्यों में बैंक खुले रहेंगे।
