भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत उत्तराखंड में जमीन खरीदना चाहते हैं। वह पिछले तीन सालों से इसके लिए कोशिश कर रहे हैं लेकिन अभी तक उन्हें कोई अच्छी जमीन नहीं मिली है। आखिरकार अब उन्होंने इस मामले में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कम सिंह धामी से मदद मांगी है। उन्होंने शुक्रवार आधी रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएम धामी से जमीन खरीदने में मदद करने की अपील की है। वहीं सीएम धामी ने उनके इस पोस्ट का जवाब भी दिया है। उन्होंने कहा है कि संबंधित अधिकारियों को इस बारे में निर्देश दिया जा रहा है और वह उनसे संपर्क करेंगे।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखंड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है। आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। वे जल्द ही आपसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव मदद सुनिश्चित करेंगे।
ऋषभ पंत ने पोस्ट में क्या कहा?
इससे पहले ऋषभ पंत ने सीएम धामी से मदद मांगते हुए पोस्ट में कहा था कि वह उत्तराखंड में जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन इस मामले में कोई स्पष्टता ना मिल पाने के कारण उन्हें अभी तक कोई अच्छी जमीन नहीं मिली है। उन्होंने ये भी कहा है कि एक जमीन उन्हें तब मिलने वाली थी जब वह उत्तारखंड का प्रचार कर रहे थे लेकिन वह भी अभी तक नहीं मिली।
उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, उत्तराखंड का मूल निवासी होने के नाते, मुझे यहां आए हुए काफी समय हो गया है। मैं दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन रहने के लिए कोई अच्छी और बड़ी जगह नहीं मिल पा रही है। मुझे अपना उत्तराखंड बहुत पसंद है। मेरी आपसे विनम्र अपील है कि जमीन खरीदने में मेरी मदद करें, क्योंकि आजकल जमीन से जुड़े मामलों में स्पष्टता न होने के कारण यह बहुत मुश्किल काम हो गया है।
उन्होंने आगे कहा, इसके अलावा, एक जमीन का मामला भी अटका हुआ है जो मुझे तब मिलनी चाहिए थी जब मैं राज्य का प्रचार-प्रसार कर रहा था। इन सब बातों को एक तरफ रखकर, मैं अपने मूल स्थान पर वापस आकर उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहता हूं और अपने पहाड़ी लोगों के बीच रहना चाहता हूं। कृपया इस मामले पर ध्यान दें। 3 साल हो गए हैं और मुझे अभी तक कोई जमीन नहीं मिली है।
सरकारी की तय दर पर जमीन खरीदना चाहते हैं ऋषभ पंत
उन्होंने आगे कहा, एक गिफ्ट पाकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करना बहुत गर्व की बात होगी, लेकिन अगर आप मुझे इजाज़त दें, तो मैं सरकार से उनकी तय दरों पर जमीन खरीदना चाहता हूं ताकि मैं अपने ही राज्य में अपना पहला घर बना सकूं। कृपया इसमें मेरी मदद करें। सच कहूं तो मुझे समझ नहीं आ रहा था कि यह कैसे करूं।
