देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली तीन जजों की पीठ ने आज (सोमवार, 23 नवंबर को) न्यायिक अधिकारियों के बीच अनुशासन की कमी पर गहरी नाराज़गी जताई और बड़े ही तल्ख लहजे में कहा कि वे लोग कुछ ज्यादा ही मांग करने लगे हैं। CJI ने कहा कि अक्सर ड्यूटी के दौरान वे लोग अपने चैंबर में बैठकर कॉफी पी रहे होते हैं लेकिन 24 घंटे बस यही सोचते रहते हैं कि उन्हें क्या भत्ते (perks) मिल रहे हैं और क्या फायदे मिल रहे हैं। इसके साथ ही शीर्ष अदालत ने सेवा संबंधी सुविधाओं और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभों के लिए न्यायिक अधिकारियों के बार-बार अदालत का रुख करने पर कड़ी नाराजगी जताई।
जुबिया ए बनाम केरल हाई कोर्ट के मामले की सुनवाई करते हुए CJI सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने न्यायपालिका में अनुशासन की जरूरत पर जोर दिया। सुनवाई के दौरान CJI कांत ने टिप्पणी की, “वे अब कुछ ज्यादा ही मुँह खोल रहे हैं। “हमें पता है कि वे कितना काम निपटाते हैं और दिन भर क्या करते हैं। आप 10 बजे जाएँ, तो कोई भी अपनी जगह पर नहीं मिलता। वे अपने चैंबर में बैठकर कॉफ़ी पी रहे होते हैं। 24 घंटे बस यही सोचते रहते हैं कि उन्हें क्या भत्ते (perks) मिल रहे हैं और क्या फायदे मिल रहे हैं।”
हमें मालूम है आप रोज कितना केस निपटाते हैं?
चीफ जस्टिस ने न्यायिक अधिकारियों की आलोचना करते हुए कहा कि वे बार-बार अपनी सेवा शर्तों जैसे उम्र सीमा, भत्ते और अन्य सुविधाओं को लेकर माँगें उठाते रहते हैं। उन्हें लगता है कि हमें उनके बारे में पता ही नहीं है। CJI ने कहा, “हमें मालूम है आप रोज कितना केस निपटाते हैं?” जस्टिस सूर्यकांत ने निचली अदालतों में न्यायिक अधिकारियों की उपलब्धता और उनकी कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। बेंच ने केरल में वकालत के पेशे से जुड़े उम्मीदवारों के लिए निर्धारित सीधी भर्ती कोटे के तहत जिला न्यायाधीशों की नियुक्ति से संबंधित मामले की सुनवाई के दौरान ये टिप्पणियां कीं।
दिनभर क्या करते रहते हैं?
प्रधान न्यायाधीश ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा, ”अब वे कुछ ज्यादा ही मांगें करने लगे हैं। हर मामले में न्यायिक अधिकारी आवेदन दाखिल कर कहते हैं कि हमें यह सुविधा दी जाए। वे अदालतों में काम क्यों नहीं करते? हमें पता है कि वे कितने मामलों का निपटारा करते हैं और दिनभर क्या करते रहते हैं।” जस्टिस सूर्यकांत ने अदालतों के कामकाजी समय के दौरान न्यायिक अधिकारियों की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए।
क्या है मामला?
केरल में जिला न्यायाधीशों की भर्ती से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने ये टिप्पणियां कीं। यह भर्ती ‘बार’ (वकीलों) के सदस्यों के लिए आरक्षित ‘सीधी भर्ती कोटे’ के तहत की जा रही थी। संविधान के अनुच्छेद 233(2) के तहत, जिला न्यायाधीश के पद पर सीधी नियुक्ति पाने के इच्छुक वकील के पास ‘बार’ में कम से कम सात साल का अनुभव होना चाहिए और उसे उच्च न्यायालय द्वारा अनुशंसित (सिफारिश) किया जाना चाहिए। मौजूदा मामले में विवाद इस बात को लेकर है कि क्या वे न्यायिक अधिकारी, जो पहले वकील के तौर पर काम कर चुके हैं, उस अनुभव का इस्तेमाल ‘बार कोटे’ के तहत नियुक्ति पाने के लिए कर सकते हैं या नहीं।
