देहरादून पलटन मार्केट मच्छी बाजार में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक शादीशुदा युवक ने एक युवती की धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावर एक बच्चे का पिता है। सरेराह हुई इस वारदात से इलाके में इस कदर आक्रोश फैला कि व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। पुलिस में मुताबिक गोविंदगढ़ निवासी 23 वर्षीय गुंजन सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे अपने घर से ड्यूटी के लिए निकली थी। वह एक डेंटल डॉक्टर के यहां काम करती थी। जैसे ही वह अंसारी मार्ग, दूल्हा बाजार के पास पहुंची तो पहले से घात लगाकर बैठे आकाश कुमार (27 वर्ष) ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गले पर हमले से लहूलुहान गुंजन सड़क पर गिर पड़ी। आनन-फानन में उसे दून अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार, विवाहित है हमलावर
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मन्नूगंज, खुड़बुड़ा मोहल्ले का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि आरोपी न केवल शादीशुदा है, बल्कि उसका एक बच्चा भी है। हत्या के पीछे के कारणों की तलाश के लिए पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला एकतरफा रंजिश या प्रेम-प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस सुन लेती तो बच जाती जान!
घटना के बाद घटनास्थल और अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई। मृतका के परिजनों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों का आरोप है कि गुंजन ने दो दिन पहले ही खुड़बुड़ा चौकी में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने उसे गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती, तो आज गुंजन जिंदा होती।
बाजार बंद, भारी पुलिस बल तैनात
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से व्यापारियों में भारी रोष है। विरोध स्वरूप मच्छी बाजार, दूल्हा बाजार और आसपास की दुकानें बंद कर दी गई हैं। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसएसपी देहरादून अजय सिंह का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
