दिल्ली में अब कोहरे का कहर; कल येलो अलर्ट, फिर दो दिन 30 की स्पीड में चलेंगी सर्द हवाएं

 

 

दिल्ली में सोमवार को सुबह के वक्त घना कोहरा देखा गया जिससे पालम और सफदरजंग जैसे इलाकों में दृश्यता कम होकर 100 मीटर तक पहुंच गई। दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 210 दर्ज किया गया जो खराब श्रेणी में है। मौसम विभाग की मानें तो 8 फरवरी तक दिल्ली के साथ ही एनसीआर में आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही देखी जाएगी। साथ ही सुबह के वक्त कोहरा भी परेशान कर सकता है। मौसम विभाग ने कल मंगलवार को दिल्ली एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में कोहरा छाने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने कल मंगलवार 3 फरवरी को सुबह के समय कई जगहों पर मध्यम कोहरा और कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है। दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग की ओर से 4 और 5 फरवरी को सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। दोनों ही दिन आंशिक बादल नजर आ सकते हैं। 3 से लेकर 5 फरवरी तक 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से सर्द हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने 5 फरवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय पर दस्तक देने की संभावना जताई है। इसका प्रभाव दिल्ली के मौसम पर भी दिखाई देगा। मौसम विभाग ने 6 और 7 फरवरी को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में दिन के वक्त आंशिक रूप से बादल छाए रहने और दिन में तेज सर्द हवाएं चलने की संभावना जताई है। हवा की स्पीड 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा।

8 फरवरी को भी दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में आंशिक रूप से बादल नजर आने और सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरे की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने 3 फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान के 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किए जाने की संभावना जताई है। दिल्ली में 4 से लेकर 6 फरवरी तक न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस जबकि 7 और 8 फरवरी को इसके 9 से 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

सोमवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही। सुबह हवा की रफ्तार बढ़ने से एक्यूआई 184 तक आ गया था लेकिन शाम होते-होते यह बढ़कर 210 पर पहुंच गया। अगले दो दिनों तक हवा की गति धीमी रहने के कारण स्थिति में सुधार की उम्मीद कम है। सीपीसीबी के अनुसार, सोमवार शाम चार बजे दिल्ली-एनसीआर की हवा में पीएम 10 का औसत स्तर 166 और पीएम 2.5 का औसत स्तर 94 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *